News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़केंद्र सरकार ने 40 वर्ष से अधिक उम्र के सभी आईएएस अधिकारियों की मेडिकल जांच जरूरी कर दी है। इस जांच पर होने वाला खर्च सरकार ही उठाएगी। आईएएस अफसरों की सालाना कामकाज मूल्यांकन रिपोर्ट में यह विस्तार से बताया जाएगा कि वे शारीरिक तौर पर कितने फिट हैं। वैसे निजी क्षेत्र में ऐसी जांच का चलन पहले से ही है, लेकिन आईएएस अधिकारियों के लिए यह पहली बार होगा।
स्वास्थ्य की ग्रेडिंग होगी :
आईएएस अधिकारियों को ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, लीवर, किडनी, यूरिन, अल्ट्रा साउंड, ब्लड प्रेशर, एक्स-रे, ईसीजी समेत कई टेस्ट कराने होंगे। जांचकर्ता डॉक्टर को अधिकारी के संपूर्ण स्वास्थ्य और हेल्थ प्रोफाइल ग्रेडिंग के बारे में भी बताना होगा।
अस्पताल तय :
अधिकारियों की जांच के लिए कुछ सरकारी चिकित्सा संस्थान निर्धारित कर दिए गए हैं। सरकारी पैनल पर मौजूद निजी अस्पतालों में भी मेडिकल जांच करवाई जा सकेगी। जिलों में कार्यरत अधिकारी सीएमओ से मेडिकल जांच करवा सकते हैं।
यह होगा असर :
मेडिकल जांच में फिट नहीं पाए जाने वाले अधिकारी के सेवा विस्तार में दिक्कत आ सकती है। अगर वह शारीरिक तौर पर फिट नहीं है तो उसे ऐसी पोस्टिंग मिलने में भी कठिनाई आ सकती है, जहां काम का बोझ ज्यादा हो।