बीकानेर. प्रारंभिक शिक्षा विभाग के पंजीयक कार्यालय को कम्प्यूटराइज करने की कवायद शुरू कर दी गई है। शिक्षा निदेशक डॉ. के.के.पाठक के निर्देश पर इसके प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। नए शिक्षा सत्र में पंजीयक का काम पूरी तरह कम्प्यूटराइज हो जाएगा।
पंजीयक कार्यालय ने काम शुरू करने के लिए पहले दौर में दो कम्प्यूटरों की मांग रखी है। शिक्षा विभाग में इन दिनों कम्प्यूटराइजेशन का दौर चल रहा है। विभाग के विभिन्न कार्यालयों के लिए कम्प्यूटर खरीदे गए हैं। इन्हीं में से एक-दो कम्प्यूटर पंजीयक कार्यालय को दिए जाएंगे। प्रारंभिक शिक्षा विभाग में पंजीयक कार्यालय के माध्यम से राज्यभर में बीएसटीसी की परीक्षाएं संचालित होती है।
परीक्षा का रिजल्ट और अंकतालिकाएं भी कार्यालय में ही बनाई जाती है। हर साल हजारों प्रशिक्षणार्थियों की अंक तालिकाएं कर्मचारी हाथों से तैयार करते हैं। एक अंकतालिका का कार्मिक को मात्र 20 पैसा मिलता है।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हाल ही में हुई अनुभाग अधिकारियों की बैठक में इस मुद्दे को निदेशक के समक्ष रखा गया। शिक्षा महकमे में नए होने के कारण पाठक को पंजीयक कार्यालय की व्यवस्था पर आश्चर्य हुआ। उन्होंने कार्यालय के लिए कम्प्यूटर उपलब्ध करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।