जैतारण (पाली). जैतारण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में मंगलवार को जिलाध्यक्ष सीडी देवल तथा पार्टी से निष्कासित पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप चौधरी के समर्थक भिड़ गए। झगड़े की शुरुआत दोनों नेताओं ने की। देवल को चौधरी का मंच पर आना नागवार गुजरा और उनमें हाथापाई हो गई।
देखते-देखते जूतों व चप्पलों की बरसात हो गई। करीब आधा घंटे तक मारपीट का दौर चला। सम्मेलन में आए प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान भी घिर गए, उन्हें भी तीन-चार जूते लगे तो वे पिछले दरवाजे से बाहर निकल कर डाकबंगले चले गए।
डॉ. चंद्रभान जिम्मेदार : कई कार्यकताओं सहित पाली जिला अध्यक्ष सीडी देवल ने भी इस घटना के लिए डॉ. चंद्रभान को जिम्मेदार ठहराया है। देवल ने कहा दिलीप चौधरी निष्कासित हैं। उन्हें सम्मेलन मे आना ही नहीं चाहिए था। डॉ. चंद्रभान दिलीप चौधरी के घर गए और सम्मेलन में लाकर जातिवाद को बढ़ावा देने का कार्य किया हैं।
ब्लॉक कमेटी का कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन बस स्टैंड के पास सिखवाल भवन में चल रहा था। करीब 12 बजे डॉ. चंद्रभान भी सम्मेलन में पहुंचे, मगर उनके साथ निष्कासित पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप चौधरी तथा उनके समर्थक भी थे जो नारेबाजी करते हुए भीतर घुस गए। पहले से मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीडी देवल व उनके समर्थकों ने दिलीप समर्थकों को रोकने का प्रयास किया, मगर वे नहीं माने और चौधरी मंच पर चढ़ गए।
इससे देवल एवं उनके समर्थकों का संयम जबाब दे गया और मंच पर ही दिलीप चौधरी एवं सीडी देवल भिड़ गए। दोनों नेताओं के भिड़ते ही दिलीप के समर्थकों ने जूते एवं चप्पलें फेंकना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सम्मेलन मे लात-घूंसे एवं चप्पलें चलने लगीं। सूचना मिलते पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गद्दार कहने से बिगड़ा मामला चौधरी के समर्थक लगातार नारेबाजी करते रहे। आयोजकों की बार-बार चेतावनी देने के बावजूद वे चुप नहीं रहे तो जिलाध्यक्ष सीडी देवल उखड़ गए। उन्होंने खड़े होकर कहा कि यह सब कांग्रेस के गद्दारों के इशारों पर हो रहा है।
जो व्यक्ति कांग्रेस से निष्कासित है उसका इस सम्मेलन में कोई काम नहीं है। इस बीच चौधरी और नीलम बिड़ला के बीच कहासुनी हो गई फिर चौधरी व देवल गुत्थमगुत्था हो गए। देवल ने चौधरी को मुक्का मार दिया तो वहां हंगामा हो गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा, चंद्रभान जिम्मेदार
पार्टी कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में हुई मारपीट के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.चंद्रभान को जिम्मेदार ठहराया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. चंद्रभान सम्मेलन स्थल के बजाय सीधे चौधरी के आवास पर चले गए और चौधरी समर्थक उनके साथ सम्मेलन में आए। यदि वे चौधरी को सम्मेलन में नहीं लाते तो मामला नहीं बिगड़ता।
शर्मनाक घटना-चंद्रभान
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, जैतारण के सम्मेलन में जिलाध्यक्ष देवल तथा पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी के समर्थकों में हुई मारपीट की घटना को प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान ने शर्मनाक और कांग्रेस की परंपराओं के विपरीत बताया है। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस प्रकार का भद्दा प्रदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं को नहीं करना चाहिए। ऐसी घटनाओं से पार्टी में गुटबाजी को बढ़ावा मिलता हैं।
चुनावी वर्ष में यह घटना पार्टी व कार्यकर्ताओं के हित में नहीं है। यह घटना संवादहीनता व गलतफहमी के कारण हुई है। आयोजक यह अंदाजा नहीं लगा पाए कि इतनी संख्या मे कार्यकर्ता पहुंचेंगे। जगह कम पड़ना भी इस घटना का एक कारण रहा है।
दिलीप चौधरी के कांग्रेस से निष्कासित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में आलाकमान से कोई निर्देश नही मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देवल नहीं चाहते थे कि चौधरी मंच पर बैठें, फिर भी दिलीप के मंच पर बैठने के बाद सभी को संयम बरतना चाहिए था।