HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

निरीक्षण में सभी कर्मचारी हाजिर

जोधपुर. आम तौर पर सरकारी दफ्तरों में अपने काम के लिए लोगों को कर्मचारियों का इंतजार करना पड़ता है, लेकिन मंगलवार को नगर निगम के दफ्तर में दूसरा ही नजारा था। जिस पर आम नागरिकों को यकीन नहीं होता है।

नगर निगम में लंबे समय बाद निर्धारित समय दस बजे कर्मचारियों की उपस्थिति शत-प्रतिशत पाई गई। अधिकांश कर्मचारी दस बजे के पहले ही दफ्तर पहुंच गए। उपस्थिति दर्ज करने के बाद जब कर्मचारी अपनी शाखाओं में पहुंचे तो उन्हें फरियादियों का इंतजार करना पड़ा।

महापौर डॉ. ओमकुमारी गहलोत की ओर से समय पर कार्यालय में उपस्थित होने के फरमान से भयभीत निगम कार्मिकों का मंगलवार सुबह पौने दस बजे से ही दफ्तर पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। कार्यालय के निर्धारित समय दस बजे तक अधिकांश कर्मचारी व अधिकारी अपनी शाखाओं में सीट पर नजर आए। सोमवार को सीईओ पी रमेश ने देरी से पहुंचे कर्मचारियों के साथ नरम रूख अपनाया तथा भविष्य में समय पर दफ्तर आने की हिदायत दी थी।

वहीं बिना इजाजत दफ्तर से गायब रहने वाले कार्मिकों को आकस्मिक अवकाश दिया गया। महापौर व सीईओ के सख्त कदम को देखकर निगम कार्मिकों ने समय पर दफ्तर पहुंचना ही उचित समझा। महापौर खुद सुबह दफ्तर पहुंचीं तथा उपस्थिति रजिस्टर अपने कक्ष में मंगवाए।

कार्यालय अधीक्षक गणपत बारासा ने महापौर को अवगत करवाया कि विभिन्न शाखाओं में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई है। महापौर ने कहा कि वे नियमित उपस्थिति रजिस्टर की जांच करेंगी तथा बिना बताए अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों की गैरहाजिरी भी अंकित करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: