HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

रेत का बवंडर

जोधपुर. दिनभर आग बरसाती गर्मी के बाद रात में नौ बजे शुरू हुई 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी ने शहर में कई जगह पेड़ उखाड़ दिए तो कहीं बिजली के खंभे। हवा के वेग से कहीं बैनर उड़ गए तो कहीं नियोन साइन बोर्ड।

नई सड़क पर एक होडिर्ंग गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पाल हवेली का छज्जा गिरने से एक जना जख्मी हो गया। आंधी शुरू होते ही बिजली गुल हो गई। शहर के कई भाग देर रात तक अंधेरे में डूबे रहे। रात्रि में करीब 12.00 बजे शुरू हुई वर्षा के कुछ देर बाद सरदारपुरा क्षेत्र की सड़कों पर पानी भर गया।

दिन भर शहर में मौसम के कई रंग देखने को मिले। दिन भर गर्मी ने शोले बरसाए तो शाम होते-होते बादलों ने सूरज को अपनी ओट में ढक लिया। शाम सवा पांच बजे हल्की बूंदाबांदी से हवा में उमस होने लगी।

रात करीब नौ बजे आंधी शुरू होते ही शहर में एक बार बिजली गुल हो गई तथा सड़कों पर यातायात अस्त व्यस्त हो गया। सड़कों के किनारे खड़े पेड़ों की टहनियां टूट कर गिरने लगीं तथा बैनर व पोस्टर उड़ने लगे। धूल के गुबार से सड़कों पर व घरों में मिट्टी भर गई।

पाल हवेली का छज्जा टूटा
आंधी से शास्त्री नगर बी सेक्टर में नीम के पेड़ की टहनी टूट गई तथा एमडीएम अस्पताल मार्ग पर मेडिकल कॉलेज के पास पेड़ गिर गया। नई सड़क स्थित गिरधरमंदिर के पास एक कार पर होडिर्ंग गिर जाने से कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि गुलाबसागर स्थित पाल हवेली का छज्जा अंधड़ से टूट कर गिर पड़ा। छज्जा गिरने से एक राहगीर उम्मेद चौक निवासी गोपाल कंसारा जख्मी हो गया।

बैनर व होर्डिग उड़े
तेज हवाओं से शहर के चौराहों पर लगे बैनर व होडिंग उड़ गए तथा जलजोग चौराहा के पास एक दुकान पर लगे नियोन साइन बोर्ड धाराशायी हो गए। महामंदिर चौराहे पर बिजली का एक खंभा क्षतिग्रस्त हो गया तथा करवड़ के पास तीन चार खंभे उखड़ गए।

रात करीब साढ़े दस बजे एक बारगी आंधी थमी, मगर आधा घंटे बाद फिर तेज धूलभरी हवा चलने लगी। इस बार हवा का वेग पहले से तेज महसूस किया गया। दूसरे दौर के अंधड़ की हवा में ठंडक थी।

तेज हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में भले ही कमी आई हो, लेकिन न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाने से रात को भी पसीने की चुभन वाली गर्मी से आमजन त्रस्त रहा। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो संभाग में बादलों की आवाजाही से हवा में आद्र्रता का प्रतिशत बढ़ेगा।

>> तापमान में बढ़ोतरी के कारण बादलों की आवाजाही हो रही है। इसी कारण कई स्थानों पर बूंदाबांदी होगी। जोधपुर और उसके आसपास के 50 किलोमीटर क्षेत्र में अगले तीन दिन तक हवा की तेजी रहने से दिन का तापमान स्थिर रहेगा। वहीं रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
डॉ एएस राव, काजरी मौसम वैज्ञानिक





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: