कोटा. मंगलवार को शहर में आई तेज आंधी व बरसात के कारण गोपाल मिल पर ब्रेकर जल गया तथा रंगबाड़ी व रोड नंबर पांच पर इंसुलेटर पंक्चर हो गया। इसके कारण इनसे जुड़े इलाकों में घंटों बिजली बंद रही।
शाम चार बजे जैसे ही तेज आंधी के साथ बरसात शुरू हुई गोपालमिल सबस्टेशन पर ब्रेकर जल गया। इससे 25 मेगावाट बिजली की आपूर्ति बंद हो गई। बिजली बंद होने से स्टेशन इलाके में लगभग आधा घंटा बिजली बंद रही।
बाद में ब्रेकर को बाईपास करके बिजली चालू की गई। जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों ने तेज आंधी व बरसात को देखते हुए पूरे शहर की बिजली को बंद कर दिया। जैसे ही आंधी कम हुई एक-एक करके लाइन को चालू किया गया।
एसई ए.के.गुप्ता ने बताया कि रंगबाड़ी में इंसुलेक्टर पंक्चर होने से 11 केवी लाइन से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इस कारण रंगबाड़ी व नए कोटा के कुछ इलाकों में आधा से एक घंटे तक बिजली की आपूर्ति बंद रही। रोड नंबर पांच भी इंसुलेटर पंक्चर होने से एक घंटे तक बिजली की सप्लाई बंद रही। यहां इंसुलेटर को बदलकर बिजली की सप्लाई चालू की गई है।
सही जगह पर करें शिकायत
एसई गुप्ता ने उपभोक्ताओ से आग्रह किया है कि वे बिजली की समस्या से संबंधित शिकायत सही जगह पर करें। इसके लिए कॉल सेन्टर के नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इस लाइन पर कई टेलीफोन आते हैं, इसलिए यह नहीं समझें कि वहां कोई टेलीफोन रिसीव नहीं कर रहा।
शिकायत दर्ज होने पर समाधान होता है। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज करवाए बिना ही कई उपभोक्ता हंगामा करते हैं। मंगलवार को महावीरनगर विस्तार योजना में कुछ मकानों में करंट आने की शिकायत यहां से की गई। जाकर देखा तो शिकायतकर्ता के उपभोक्ता के सर्किट में ही खराबी थी। उसे ठीक किया गया।
कोई सुनवाई नहीं करता
स्टेशन इंद्राकालोनी में रहने वाले सीनियर सिटीजन आर.सी.भटनागर ने बताया कि उनके यहां पिछले दो दिनों से बिजली की आपूर्ति में व्यवधान हो रहा है। इसके बारे में विभाग को शिकायत कर दी लेकिन, कोई सुनवाई नहीं कर रहा।
करंट से पशु मरे
महावीर नगर में करंट से दो भैंसों व एक गाय की मौत हो गई जबकि, बूंदी रोड पर रेलवे क्रॉसिंग के निकट पेड़ धराशायी होने से यातायात बाधित हो गया। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही डिप्टी ट्रैफिक केडी चारण मौके पर पहुंचे और यातायात को बहाल किया।
एएसआई शंभूदयाल ने बताया कि महावीर नगर सर्किल के पास हरीतिमा पट्टी के तारों की फैंसिंग पर पूसा गुर्जर ने दो भैंसें व एक गाय बांध रखी थी। उसके ऊपर से उच्च क्षमता की विद्युत लाइन निकल रही थी।
बारिश और तेज हवा के कारण तार टूटकर तारों की फेंसिंग पर गिरा, जिससे पशुओं की मौत हो गई। इसके बाद से ही महावीर नगर सेक्टर 6 इलाके की बिजली गुल हो गई। इसी प्रकार तार टूटने से मेहरापाड़ा बजाजखाना की भी बिजली गुल हो गई। देर रात तक दोनों इलाकों में बिजली सप्लाई बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य जारी रहा।