HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

राज्य में आंधी, मेवाड़ में ओले

राजसमंद/उदयपुर. राजसमंद जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार शाम करीब 4 बजे से पौन घंटे तक तेज बारिश हुई। जिले के आमेट और देवगढ़ में भी कुछ देर तेज पानी गिरा। राजसमंद के आसपास के गांवों में चने के आकार के ओले गिरे।

तेज बारिश के कारण नालियों में उफान आ गया। बारिश इतनी तेज थी कि घंटेभर के लिए सड़कें सुनसान हो गई। शहर के आसपास के इलाकों में भी झमाझम हुई। केलवा, सियाणा, पसूंद, मोखमपुरा, बड़ारड़ा, पीपरड़ा, गुड़ली, भावा, लबाना, कुंवारिया, मादड़ी, पीपली आचार्यान, प्रेमपुरा, बड़लिया, मोही, नांदोली, भाटोली, धोइंदा और जावद में भी तेज पानी गिरा। चित्तौड़गढ़ में धूल भरी आंधी चली।

उदयपुर में सोमवार के मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में करीब डेढ़ डिग्री की गिरावट के बाद पारा 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिनभर तेज धूप रही, लोग उमस व चिपचिपाहट से बेहाल रहे। वल्लभनगर में शाम पौने छह बजे अंधड़ के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में मक्के के आकार के ओले गिरने लगे। ओलावृष्टि पांच से सात मिनट तक रही। इसके बाद भी आधा घंटे बारिश बनी रही, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा। चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य के अन्य कई स्थानों पर भी बारिश हुई।

बिजली गुल : राजसमंद में बारिश शुरू होने के साथ बिजली गुल हो गई। अंधड़ के दौरान पेड़ की डाली टूटकर लाइन पर गिर जाने से ऐसा हुआ। नाथद्वारा में भी शाम चार बजे तेज हवा के बाद 10 मिनट तक तेज बारिश हुई।

इसके बाद घंटे भर तक रिमझिम होती रही। बारिश के दौरान मेघ गर्जना होती रही और बिजली भी कड़की। थोड़ी देर के लिए छोटे आकार के ओले भी गिरे। हवा से कई हर्ो्िडग उखड़ गए और सामान अस्त-व्यस्त हो गए। शहर में धूल के गुबार छा गए। कई युवा गिर्राज धरण की जय बोलते हुए बारिश में नाचने लगे।

पेड़ धराशायी, तार टूटे : तेज अंधड़ व बारिश से गूंजोल में बबूल का पेड़ गिर गया। बिजली के तार टूट गए। इससे नगर के एक हिस्से में दो घंटे तक बिजली गुल रही।

ओले से सिर फूटा : मावली उपखंड मुख्यालय पर एक घंटे मूसलाधार हुई। इसी बीच नींबू के आकार के ओले भी गिरे। साकरिया खेड़ी पंचायत के गांव पावटा में ओले गिरने से कमलाकुंवर (50) का सिर फूट गया।

चूरू में दिनभर बादल छाए रहे। शाम को सरदारशहर में बारिश के साथ ओले गिरे। रतनगढ़ में भी शाम को तेज आंधी आई। इससे पहले सोमवार की रात चूरू-रतनगढ़ के बीच के गांवों में जमकर बारिश हुई। तेज आंधी से दर्जनों पेड़ गिर गए। सरदारशहर के आसपास के गांवों में भी चने के आकार के ओले गिरे। मौसम विभाग के अनुसार सरदारशहर में मंगलवार को 40 मिमी बारिश हुई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: