उदयपुर. साथी हाथ बढ़ाना, एक अकेला थक जाएगा मिलकर बोझ उठाना..। गुलाबबाग की कीकरबाड़ी में मंगलवार से शुरू हुए साफ सफाई अभियान में इस गीत की झलक नजर आ रही थी। बूढ़े, जवान और बच्चे सभी उत्साह के साथ सफाई में जुटे थे और मात्र दो घंटे के परिश्रम का रंग यह आया कि कीकरबाड़ी चमक उठी।
सुबह छह बजे सभापति रवींद्र श्रीमाली, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष ताराचंद जैन, सरदार पटेल मंडल के अध्यक्ष अनिल सिंघल के नेतृत्व में गुलाबबाग की कीकरबाड़ी क्षेत्र में श्रमदान किया गया। सुबह आठ बजते-बजते तो कीकरबाड़ी की काया ही पलट गई। इससे पूर्व सुबह छह बजे महंत मुरली मनोहर शास्त्री ने साफ-सफाई अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर महंतजी ने गुलाबबाग की साफ-सफाई बरकरार रखने के लिए ताराचंद जैन, रवींद्र श्रीमाली, अनिल सिंघल, नरेंद्र खाब्या, उद्यान अधीक्षक विष्णु माथुर, सफाई निरीक्षक सुभाष तथा बागवान लालू सहित परिषद के पदाधिकारियों व कर्मचारियों को भी बधाई दी।
इस अवसर पर ताराचंद जैन ने कहा कि पिछले वर्ष भी परिषद ने शहर के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है तथा इस वर्ष भी इस अभियान के लिए प्रथम चरण में नौ दिन का सफाई अभियान निर्धारित किया गया। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि गुलाबबाग हमें पूर्वजों से विरासत में मिला है और हमारा कर्तव्य बनता है कि आने वाली पीढ़ी को इस धरोहर को सुरक्षित सौंपे।
इन्होंने किया श्रमदान
इस अभियान में युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक बोल्या, उपाध्यक्ष महेश त्रिवेदी, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्रसिंह खिंची, सरदार पटेल मंडल के उपाध्यक्ष संजय भंडारी, पाषर्द अनिल मेहता, ललित बापना, निर्मला तलेसरा, लता भंडारी, मनोरमा गुप्ता, रतनदेवी सोनी, अशोक परिहार, धनपाल स्वामी, चंदा राव, अंजना जैन, बबीता लारेन्स, रानी शर्मा, धीरुभाई वागरी, श्याम भाई, ख्याली पालीवाल एवं भू वैज्ञानिक नरेंद्र खाब्या तथा परिषद के अधिकारी व कर्मचारियों ने श्रमदान किया। सफाई अभियान के दौरान कीकरबाड़ी से 18 ट्रक कचरा हटाया गया।