उदयपुर.
चेतक सर्कल स्थित पलटन मस्जिद के बाहर बिजली के खंभे पर मंगलवार दोपहर धमाकों के साथ आग लगने से क्षेत्रवासी सहम उठे। सुरक्षा की दृष्टि से यातायात रोका गया और आग बुझाने के लिए दमकल बुलाई गई।
दोपहर एक बजे शॉर्ट सर्किट के कारण खंभे से जुड़े बिजली के तारों से धमाकों की आवाज के साथ चिनगारियां निकलने लगी। खंभे से लिपटी रस्सियों में आग लग गई जिससे खंभा 15 मिनट तक धू-धू कर जलता रहा। आग की लपटें काफी ऊंचाई तक देखी गई।
आग बुझने पर धुएं का गुबार छा गया। क्षेत्रीय दुकानदारों व पुलिस के जवानों ने आधा घंटा यातायात रोक दिया। गुलाब बाग पावर हाउस से बिजली मिस्त्रियों ने पावर कट लगाकर आग बुझाई। नगर परिषद की दमकल भी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन उसके इस्तेमाल की जरूरत नहीं पड़ी।