नई दिल्ली.
मंगलवार को सीआईआई सम्मेलन में तब अजीब स्थिति पैदा हो गई जब मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से एक उद्योगपति ने पूछ लिया कि क्या गारंटी है कि अगली सरकार भी आपकी नीतियां जारी रखेगी। इतना सुनते ही मुख्यमंत्री ने नाराजगी भरे लहजे में कहा- मिस्टर पारुल, आपको किसने कह दिया कि हमारी सरकार नहीं आ रही?
हालांकि उन्होंने तत्काल खुद का संयत करते हुए कहा नीतियां अपनी जगह हैं, सरकारें तो आती-जाती रहती हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार को होटल हयात में सीआईआई के सेमीनार दॅ न्यू बिजनेस मॉडल : एंगेजिंग सोसाइटी, एनहेंसिंग कंपीटिटिवनेसच् में बतौर मुख्य अतिथि उद्योगपतियों से कह रही थीं।
मुख्यमंत्री उस समय भी परेशान हो उठीं जब एक अन्य उद्योगपति ने राजस्थान में बढ़ती कन्या भ्रूण हत्याओं, बालविवाहों और अन्य सामाजिक समस्याओं पर सवाल दाग दिए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए शिक्षा के स्तर में सुधार लाना होगा। एक उद्योगपति ने तो मेवात क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली को लेकर ही सवाल पूछ लिया।
आईआईटी पर केंद्र को कोसा
मुख्यमंत्री ने राजस्थान आईआईटी की जगह अभी तक तय नहीं करने को लेकर केंद्र सरकार को कोसा और कहा कि जब आंध्रप्रदेश और बिहार में आईआईटी की जगह तय की दी गई है तो राजस्थान को क्यों वंचित कर दिया गया? एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि आईआईटी को लेकर केंद्र का राज्य के प्रति रवैया भेदभावपूर्ण है।