अमृतसर पंजाब कांग्रेस प्रधान राजिंदर कौर भट्ठल ने मंगलवार को कहा कि तरनतारन, पट्टी, बठिंडा, गुरदासपुर, रोपड़, फरीदकोट, मोहाली सहित कई शहरों में 24 से अधिक मामलों में जाली हस्ताक्षर और झूठेहल्फिया बयानों से कांग्रेसी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वापस कराए जाने की स्थिति की ताजा जानकारी गृह मंत्रालय को भेजी जा रही है और इसके खिलाफ हाईकोर्ट में भी अपील की जाएगी।
साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से पंचायत और जिला परिषद के होने वाले चुनावों पर तुरंत रोक लगाकर बाहरी राज्यों के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नए सिरे से चुनाव करवाने की मांग की है। भट्ठल की मौजूदगी में प्रैस कांफ्रैंस के दौरान तरनतारन जिला परिषद के तीन हरजीत कौर, मलकीत कौर और नरिंजन सिंह और पट्टी पंचायत समिति के 11 सलविंदर सिंह, हरि सिंह, अमरजीत सिंह, निर्मल सिंह, मंजीत कौर, शेर सिंह, पहल सिंह, मनप्रीत कौर,सुरिंदर सिंह, जसबीर कौर और नरिंदर कौर ने हल्फिया बयान देकर कहा कि उन्होंने नामांकन वापसी के लिए कोई आवेदन नहीं दिया, जबकि अधिकारियों का कहना है कि उनके हस्ताक्षर के आधार पर ही उनका नामांकन वापस किया गया है।
अकाली प्रत्याशी पर क्या केस नहीं?
कांग्रेस प्रत्याशी नवदीप सिंह गोल्डी पर लड़की सेछेड़छाड़ संबंधी केस के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि दहेज के मुद्दे पर अकाली दल के इंद्रबीर सिंह बुलारिया का अपनी पत्नी के खिलाफ चल रहा केस सारी जनता जानती है। केस तो प्रकाश सिंह बादल और सुखबीर सिंह बादल पर भी चल रहे हैं। जल्द ही बुलारिया की पत्नी की पीड़ा जनता के सामने लाई जाएगी।
काहनूवान में प्रदर्शन
ब्लाक समिति और जिला परिषद चुनाव के लिए काहनूवान हलके से नामांकन पत्र भरने वाले छह कांग्रेसी उम्मीदवारों के नामांकन रद करने के विरोध में विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने जिले की समूह कांग्रेसी लीडरशिप के समर्थन से सठियाली पुल पर मंगलवार को जमकर रोष मुजाहरा किया।
बाजवा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अकाली उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए कांग्रेसियों के नामांकन धक्केशाही से रद करवा रहे हैं। रद नामांकनों की लिस्ट बिना हस्ताक्षर कार्यालय में चिपकाई गई, जिसके बारे में जिला प्रशासन के उच्चधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कांग्रेसी उम्मीदवारों को इंसाफ नहीं मिला।
अपनी हार को देखते हुए सरकार धांधलियों पर उतर आई है। जिन अधिकारियों ने यह हरकत की है, कांग्रेस उनको कतई नहीं बख्शेगी और उनके खिलाफ 420 का मामला दर्ज करवाएगी।