भोपाल. बारिश और आंधी की शुरुआत के साथ ही राजधानी में बिजली गुल का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। खास तौर से नए शहर में बिजली लाइन यूकेलिप्टस के कमजोर पेड़ों के बीच से गुजर रही है।
गत रविवार को दस नंबर क्षेत्र में यूकेलिप्टस का एक पेड़ बिजली लाइन पर जा गिरा और दो खंभों को धराशाई कर दिया। एक 11 केवी और एक लो टेंशन लाइन का खंभा गिर जाने से दिनभर मार्केट के एक काम्पलेक्स में लाइट नहीं थी। पिछले साल भी बारिश के समय आई आंधी के कारण चार इमली क्षेत्र में कई पेड़ लाइन पर गिर गए थे। कम से कम दो दिन तक यहां अव्यवस्था का आलम था।
दैनिक भास्कर संवाददाता ने मंगलवार को जब शहर के कुछ क्षेत्रों का मुआयना किया तो मालूम हुआ कि इस तरह की स्थितियां फिर बन सकतीं हैं। दस नंबर मार्केट और बघीरा अपार्टमेंट क्षेत्र में तो पूरी बिजली लाइन यूकेलिप्टस के पेड़ों के बीच में से गुजर रही है।
यही स्थिति टीटी नगर व अन्य क्षेत्रों में भी देखी जा सकती है। चार इमली क्षेत्र में भी अमूमन पूरी बिजली लाइन हरियाली के बीच से गुजर रही है। विद्युत वितरण कंपनी के मैदानी अफसरों के अनुसार दस फीट दूर स्थित यूकेलिप्टस का पेड़ भी तारों पर आकर गिर सकता है।
>> नगर निगम पेड़ काटने की अनुमति आसानी से नहीं देता। इस वजह से कई बार परेशानी हो सकती है। हम बिजली लाइन के करीब लगे पेड़ों की सूची विद्युत वितरण कंपनी से ले लेंगे और खतरनाक पेड़ हटा दिए जाएंगे।
अरविंद दुबे, प्रभारी आयुक्त, नगर निगम
>> हम रखरखाव के साथ छंटाई का काम तो कर देते हैं। नगर निगम यदि सहयोग करे और खतरनाक पेड़ हट जाएं तो काफी फायदा हो सकता है।
आरके मिश्रा, अधीक्षण यंत्री (शहर वृत,विद्युत वितरण कंपनी)