भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महंगाई की मार झेल रहे राज्य के लगभग छह लाख कर्मचारियों को यह घोषणा कर राहत देने की कोशिश की है कि अगले दो माह में वे उन्हें बकाए 11 फीसदी महंगाई भत्ते का भुगतान कर देंगे। उन्होंने कहा कि छठवे केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों को मप्र में जस का तस लागू किया जाएगा।
श्री चौहान मंगलवार को यहां मप्र राज्य कर्मचारी संघ के राज्य स्तरीय स्नेह सम्मेलन के मौके पर प्रदेश भर से आए कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। विंध्याचल भवन के सामने आयोजित समारोह में लगभग एक घंटे की देरी से पहुंचे सीएम ने घोषणाओं की झड़ी लगाकर उपस्थित कर्मचारियों को खुश कर दिया। उन्होंने खुलासा किया कि एके अग्रवाल वेतन आयोग का गठन वेतन विसंगतियां दूर करने के लिए किया गया है।
अगर जरुरत पड़ी तो इस आयोग को समाप्त कर दिया जाएगा। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्होंने एलान किया कि स्वास्थ्य विभाग के प्राथमिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता अब ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक कहलाएंगे। वर्ष 2001 में नियुक्त संविदा शिक्षक भी अब अध्यापक होंगे और उन्हें एक अप्रैल 2007 से वेतनमान का लाभ मिलेगा। अदालत में लंबित एक प्रकरण के कारण वे अध्यापक बनने से पिछड़ गए थे।
सरकार अध्यापक के वेतनमान के साथ ही उनकी वरिष्ठता भी ऊपर निर्धारित करेगी। इसी कड़ी में गुरुजियों को आगे बढ़ने के अवसर मुहैया कराने के उद्देश्य से विशेष परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सफल होने वोले गुरुजी पहले संविदा शिक्षक और उसके बाद अध्यापकर बन पाएंगे। औपचारिकेत्तर शिक्षकों को भी गुरुजियों के समान लाभ दिया जाएगा।
विशेष परीक्षा का आयोजन व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुजियों को भी अन्य सरकारी कर्मचारियों के समान अवकाश की सुविधा दी जाएगी। अध्यापक संवर्ग में शामिल महिलाओं और विकलांगों को स्वेच्छा से एक निकाय से दूसरे निकाय स्थानांतरण और संविलियन की सुविधा प्रदान करने के आदेश जारी कर दिए गए है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा
बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन पैरामेडिकल काउंसिल में होगा
सरकार दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के जीवन में निश्ंिचतता लाने गंभीरता से प्रयास कर रही है।
मलेरिया लिंक वर्कर नहीं हटाए जाएंगे।
रामर्शदात्री समिति की बैठकें नियमित होंगी।
कार्यभारित कर्मचारियों को क्रमोन्नति दी जाएगी।
डीए एक नजर में
केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिल रहा है-47 फीसदी
राज्य के कर्मचारियों को वर्तमान में मिल रहा है-36 प्रतिशत
अंतर -11 प्रतिशत
क्या है वादा
पांच फीसदी डीए जुलाई 08 में मिलने वाले जून माह के वेतन के साथ मिलेगा।
छह फीसदी डीए अगस्त 08 में मिलने वाले जुलाई के वेतन में जुड़कर मिलेगा ।