भोपाल.
भेल क्षेत्र के कल्पना नगर में लगभग तीन एकड़ जमीन पर आधुनिक स्वीमिंग पूल बनाने के लिए मंगलवार को शिलान्यास किया गया। इसकी लागत 1.44 करोड़ रुपए जाएगी। यह स्वीमिंग पूल राजधानी का चौथा सार्वजनिक स्वीमिंग पूल होगा। अगले साल मार्च तक यह स्वीमिंग पूल तैयार हो जाएगा।
राजधानी परियोजना प्रशासन द्वारा बनाए जाने वाले स्वीमिंग पूल का शिलान्यास मंगलवार को नगरीय प्रशासन मंत्री जयंत मलैया व वाणिज्यिक कर मंत्री बाबूलाल गौर की उपस्थिति में भाजपा महिला मोर्चे की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा गौर ने किया।
श्री मलैया ने कहा कि इसका नामकरण स्वर्गीय पुरुषोत्तम गौर के नाम पर होगा। पहले चरण में स्वीमिंग पूल व दूसरे चरण में पानी साफ करने के लिए वाटर फिल्टर प्लांट, कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम व एक रेस्तरा का निर्माण किया जाएगा। मंत्री श्री गौर ने कहा कि इस क्षेत्र का विकास करने के लिए अनेक घोषणाएं की गईं थीं, उनका काम जल्दी ही शुरू होने वाला है।