अमरेली. गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के तेजतर्रार नेता नरेंद्र मोदी का नौकरशाहों पर खौफ तब साफ हो गया जब एक कार्यक्रम में एक कलेक्टर ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
टीवी चैनलों पर दिखाए जा रहे फुटेज में अमरेली के कलेक्टर डीसी झालावाड़ की मुद्राओं से स्पष्ट हो रहा है कि वे मोदी के पैर छू रहे हैं और मोदी की मुद्रा किसी बुजुर्ग और दबंग की सी दिख रही है। इस पूरे घटनाक्रम से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन पर राजनीतिक दबाव किस कदर हावी है।
दरअसल यह घटनाक्रम तब हुआ जब 1 मई को मोदी गुजरात दिवस पर हुए एक कार्यक्रम में नगरपालिकाओं को विकास कार्यो के लिए एक-एक करोड़ रुपए के चेक बांट रहे थे। इस दौरान अमरेली के कलेक्टर झालावाड़ ने चेक लेने के बाद उनके पैर छू लिए।
इस घटनाक्रम के बाद आईएएस अधिकारियों के समूह में खलबली मच गई है और कहा जा रहा है कि अधिकारियों का संगठन झालावाड़ पर कोई कार्रवाई कर सकता है। इस मामले पर विचार करने के लिए 12 या 13 मई को अफसर एक बैठक करने वाले हैं। गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती पर नौकरशाहों पर दबाव बनाने के आरोप लगते रहे हैं।