बेंगलूरु. कर्नाटक विधानसभा चुनावों से महज तीन दिन पहले अल्पसंख्यक मतदाताओं को रिझाने के मकसद से भाजपा ने कहा कि सत्ता में आने पर वह मुस्लिम समुदाय के एक सदस्य को मंत्री बनाएगी।
भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदीयुरप्पा ने बताया कि हम पहले दौर के मंत्रिपरिषद विस्तार में ही अल्पसंख्यक समुदाय से एक मंत्री बनाएंगे। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने चुनावों में अल्पसंख्यक समुदाय का एक भी सदस्य खड़ा नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अल्पसंख्यक समुदाय के दो सदस्यों को टिकट देना चाहा, लेकिन हम उनकी जीत के प्रति आश्वस्त नहीं थे। इसलिए उनको उम्मीदवारों की सूची में शामिल नहीं किया जा सका। शिकारीपुरा से उनके विरुद्ध चुनाव लड़ रहे सपा उम्मीदवार एस बंगारप्पा को कांग्रेस और जद-एस द्वारा समर्थन देने से नाराज येदीयुरप्पा ने कहा कि दोनों दलों को बंगारप्पा को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना चाहिए था, ताकि शिकारीपुरा में बराबरी का मुकाबला हो सके।