रांची. झारखंड के धनबाद जिले में स्थित मोदीडीह कन्या उच्च विद्यालय में रुपये की चोरी की शिकायत पर 13 छात्राओं के कपड़े उतरवाने वाले प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है।
स्कूल की संचालन समिति के प्रवक्ता इंद्रदेव ने कहा कि स्कूल समिति की रिपोर्ट में प्राचार्य मोहम्मद सर्फरुद्दीन को दोषी पाए जाने के बाद मंगलवार को उसे निलंबित कर दिया गया और इस मामले में शामिल अन्य तीन शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि समिति ने इस घटना में शामिल सभी 13 लड़कियों से पूछताछ की।
गौरतलब है कि 26 अप्रैल को एक छात्रा ने रुपये (पॉकेट मनी) गुम हो जाने की शिकायत की। इसपर प्राचार्य ने रुपये की तलाश के लिए महिला शिक्षिकाओं को लड़कियों के कपड़े उतरवा कर तलाशी के आदेश दिए थे।