वाशिंगटन. अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के सदस्यों ने मंगलवार को निवेश की एक व्यापक विस्तार वाली नई नीति को मंजूरी दे दी।
इस नीति के अंतर्गत सोने के चार सौ टन के भंडारों की बिक्री के द्वारा लगभग 11 अरब डालर की राशि एकत्रित की जाएगी। इस लेनदेन को अभी अमेरिकी संसद की स्वीकृति की आवश्यकता है। इसके अतिरिक्त संस्था आगामी तीन वषरें में अपने खर्च में भी 13.5 फीसदी की कटौती करेगी।
आईएमएफ के प्रबंध निदेशक डोमिनिक स्ट्रास काह्न् ने एक वक्तव्य में कहा कि इस निर्णायक अनुमोदन के साथ ही कोष के सदस्यों ने एक बार फिर संस्था के ढांचे में सुधार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है।
आईएमएफ अपने ऋण संबंधी क्रियाकलापों से धन एकत्रित करने पर बल देता रहा है लेकिन विकासशील देशों द्वारा ऋण की मांगों में कमी के कारण उसे बजट में 40 लाख डालर का घाटा हुआ था।
पिछले महीने आईएमएफ के संचालक मंडल ने अपनी मतदान प्रक्रिया में भी बहुप्रतीक्षित सुधार किया था। इन सुधारों के बाद संस्था की मतप्रक्रिया में विकासशील देशों को और अधिक अधिकार मिल गए हैं।