मुंबई.उथप्पा की नाबाद 34 रन की पारी और नेहरा की शानदार गेंदबाजी (3 विकेट) की बदौलत आईपीएल ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया। राजस्थान रॉयल्स 16.2 ओवर में 103 रन पर ही बना सकी। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 3 विकेट खोकर 15.1 ओवर में 104 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
इससे पहले टॉस मुंबई इंडियंस ने जीता और कप्तान शॉन पोलक ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। राजस्थान की ओर से सर्वाधिक 39 रन स्वप्निल अस्नोदकर ने 36 गेंदों पर बनाए। उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। रोहन राजे की गेंद पर उथप्पा ने उनका कैच पकड़ा। उनके बाद शेन वाटसन ने 32 रन बनाए। वाटसन ने सिर्फ 20 गेदों में 4 चौके और 1 छक्का लगाया। वाटसन को ब्रावों ने बोल्ड किया। राजसस्थान रॉयल्स के सभी बल्लेबाज 16.2 ओवरों में ही 103 के स्कोर पर पैवेलियन वापस लौट गए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट झटके। चोट के कारण सचिन तेंडुलकर के बाहर होने की वजह से मुंबई टीम की कप्तानी कर रहे शॉन पोलक के दूसरे ओवर में राजस्थान के सलामी बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ (5) दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से स्टंप हुए।
स्मिथ समझ भी नहीं पाए। पोलक की लेग स्टंप की ओर आ रही गेंद को आगे बढ़कर मारने के प्रयास में स्मिथ बीट हुए और विकेटकीपर ने उन्हें स्टंप कर दिया। उस समय राजस्थान के खाते में सिर्फ 12 रन थे। राजस्थान को दूसरा झटका यूसुफ पठान(1) के रूप में लगा। उस समय राजस्थान के सिर्फ 21 रन थे।
पठान को आशीष नेहरा ने बोल्ड किया। नेहरा ने तीन विकेट लिए और पठान के अलावा सोहेल तनवीर(8) को भी बोल्ड किया। एम. रावत (1) को नेहरा ने कैच आउट कराया। मुंबई के ड्वेन ब्रावो(2/12), धवल कुलकर्णी (2/21), रोहन राजे (2/19)व ब्रावो 2/12 ने अच्छी गेंदबाजी की।