भोपाल.बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के गल्र्स हास्टल में रह रही छात्राओं ने बीती रात चार बजे कुछ अज्ञात युवकों के परिसर में घुस आने और दरवाजे भड़भड़ाने की शिकायत की है। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस को घटना की सूचना दी गई और हास्टल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
विश्वविद्यालय के कल्पना चावला गल्र्स हास्टल में बीती रात चार बजे कुछ छात्राओं ने कमरे के दरवाजे और खिड़कियां भड़भड़ाने की आवाजें सुनी। खिड़की से झांक कर देखने पर एक छात्रा को बाहर परिसर में एक अज्ञात युवक का चेहरा नजर आया। हालांकि छात्रा युवक के कपड़े और हुलिया आदि कोई पहचान नहीं बता सकी। छात्रा का कहना था कि डर और अंधेरा होने से वह ठीक से नहीं देख सकी।
छात्राओं ने बताया कि शोर मचने पर दो तीन लोगों के भागने की आवाजें आईं। सूचना मिलते ही मेट्रन, वार्डन और चीफ वार्डन ने मौके पर पहुंच कर छात्राओं से घटना की जानकारी ली और पुलिस को सूचना दी। वार्डन संगीता गुंदेचा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पूरे परिसर की तलाशी ली गई लेकिन कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर नहीं आया। छात्राओं ने घटना की शिकायत कुलपति से की है। कुलपति भूपाल सिंह ने हास्टल की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
हास्टल के चीफ वार्डन प्रो ज्ञानेंद्र गौतम ने बताया कि घटना की रात परिसर में चौकीदार मौजूद था, लेकिन छात्राओं ने पीछे की ओर से युवकों के आने की शिकायत की है इसलिए एक और चौकीदार की ड्यूटी लगा दी गई है। अब दोनों बारी-बारीे से परिसर में घूम कर निगरानी रखेंगे। हास्टल की बाउंड्रीवाल पर जल्दी ही तारों की फेंसिंग भी लगवाई जा रही है।