भोपालजीवन संरचना और जीवन क्या है? जीन से जीव तक कौन से कार्यक्रम शरीर रचना के विकास को नियंत्रित करते हैं? मस्तिष्क किस तरह कार्य करता है? इन्द्रियों की दुनिया, चेतना क्या है? भविष्य की प्रौद्योगिकी, भूमंडलीय चुनौतियां, ब्रrाण्ड में हमारा घर, क्या आपको इनकी बारे में पता है? यदि नहीं तो तुरंत पहुंच जाएं हबीबगंज रेलवे स्टेशन, जहां खड़ी है साइंस एक्सप्रेस। इसमें आपको अपने सभी सवालों के जवाब आसानी से मिल जाएंगे। साइंस एक्सप्रेस गुरुवार तक भोपाल में रुकेगी।
आज आएगा बर्लिन से दल
साइंस एक्सप्रेस का निरीक्षण करने बुधवार को बर्लिन से एक दल भोपाल आया। इस दल में लगभग 50 सदस्य शामिल हैं और इसका प्रतिनिधित्व काउंसल जनरल ऑफ द फेडरल रिपब्लिक आफ जर्मनी वाल्टर स्टेहेल कर रहे हैं। दल शाम 5.30 बजे हबीबगंज स्टेशन पहुंचा। इनके साथ फेडरेशन ऑफ मप्र चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भोपाल के सदस्य भी थे।
तीन दिन में 4 हजार लोग
शहर के चार हजार से अधिक लोग पिछले तीन दिनों में साइंस एक्सप्रेस का भ्रमण कर साइंस से जुड़ी जानकारी एकत्रित कर चुके हैं।
पुरस्कार वितरण
साइंस एक्सप्रेस पर मंगलवार को विभिन्न स्कूलों में आयोजित क्विज, चित्रकला, कार्टून, भाषण प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को पुरस्कार व सर्टिफिकेट वितरित किए गए।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
मंगलवार को भी हबीबगंज रेलवे पर खड़ी साइंस एक्सप्रेस में मौजूद प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इनमें से कई लोग ऐसे भी हैं जो पिछले तीन दिनों से लगातार प्रदर्शनी देखने पहुंच रहे हैं। ट्रेन के अलग- अलग डिब्बों में सजे साइंस से संबंधित मॉडल और उपकरण लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।