HomeSportsCricket Cricket

हां, मुझे निकाला गया : चारु शर्मा

कोलकाता. रोमांच के साथ-साथ विवादों के लिए चर्चित ट्वेंटी-20 आईपीएल में मशहूर टीवी कमेंट्रेटर चारु शर्मा के रहस्योद्घाटन के साथ ही बुधवार को एक और विवाद जुड़ गया। शर्मा ने दावा किया कि उन्हें बेंगलूर रॉयल चैलेंजर्स टीम के सीईओ पद से हटाया गया है। मंगलवार रात बेंगलूर टीम के फ्रेंचाइजी ने दावा किया था कि शर्मा ने व्यक्तिगत कारणों से पद छोड़ा है।

फ्रेंचाइजी के मालिक विजय माल्या ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। हालांकि उन्होंने कोच वेंकटेश प्रसाद के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज कर दिया और कहा कि हमें उन पर पूरा भरोसा है।

मंगलवार रात की घटना से आहत शर्मा ने कहा कि कंपनी को किसी भी को रखने और हटाने का अधिकार है। उनका कहना था कि उन्हें हटाने में कंपनी ने जल्दबाजी दिखाई, जबकि वह ईमानदारी से अपना काम कर रहे थे।

वहीं, चारु शर्मा की जगह नए सीईओ बृजेश पटेल के पक्ष में विजय माल्या ने कहा कि वह पूर्व क्रिकेटर हैं और उन्हें स्थानीय जरूरतों की गहरी समझ है। उम्मीद है कि वह टीम के साथ बेहतर तालमेल बनाकर उसे अच्छा खेलने को प्रेरित करेंगे।

माल्या ने कोच वेंकटेश प्रसाद को हटाने संबंधी संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें अपने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की क्षमता पर पूरा भरोसा है। वेंकटेश ने ऑस्ट्रेलिया दौरे में टीम इंडिया की कामयाबी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फ्रेंचाइजी में उनकी भूमिका को लेकर कोई सवाल या संशय नहीं है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: