नई दिल्ली/कोलकातावीरेंद्र सहवाग और युवा जोशीले अंदाज के महेंद्र सिंह धोनी के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ट्वेंटी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित मुकाबला वीरवार को नई दिल्ली के फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में होगा। आईपीएल में डेयरडेविल्स के कप्तान वीरू और चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी की टीमों के बीच रोमांचक मैच की उम्मीद है।
उधर दूसरा मुकाबला शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स और बेंगलूर रॉयल चैलेंजर्स के बीच कोलकाता के ईडन गर्ा्डस स्टेडियम मैदान पर होगा। यह मैच दोनों ही टीमों के लिए बेहद ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि हारने वाली टीम के लिए सेमीफाइनल की राह कठिन हो जाएगी। राहुल द्रविड़ की कप्तानी में बेंगलूर रॉयल चैलेंजर्स अपने अब तक के खेले सात मैचों में 2 में ही जीत सकी है और 5 मैच गंवा कर अंक तालिका में सबसे नीचे है। वीरवार का मैच हारने का मतलब यह होगा कि सेमीफाइनल में जगह बनाना उसके लिए बेहद कठिन हो जाएगा और आगे के बचे सभी छह मैचों को जीतने की स्थिति में ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर पाएगी, जो उसके लिए आसान नहीं होगा।
आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल सहवाग विस्फोटक बल्लेबाजी करके एक बार फिर चोटी पर आना चाहेंगे। दिल्ली डेयरडेविल्स टीम अपने पिछले छह में से चार मैच जीत चुकी है, जबकि उसे दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्ज टीम अपने सात मैचों में से 4 में जीतने के बाद लगातार 3 मैच गंवा चुकी है। दिल्ली टीम में कप्तान वीरू के अलावा गौतम गंभीर और शिखर धवन सफल हो रहे हैं। रजत भाटिया ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन सलामी बल्लेबाजों के विफल होने की स्थिति में उसका मध्यक्रम लड़खड़ा जाता है। यानी दिल्ली की मुख्य कमजोरी मध्यक्रम के बल्लेबाजों की है।
दूसरी ओर चेन्नई सुपर किंग्ज की बल्लेबाजी मैथ्यू हेडन, माइकल हसी और जैकब ओरम के चले जाने के बाद लड़खड़ा गई है और दारोमदार कप्तान धोनी के अलावा स्टीफन फ्लेमिंग, मनप्रीत गोनी और सुरेश रैना के इर्द गिर्द सिमट गया है।
इसे दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान सहवाग अच्छी तरह जान भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेडन, हसी और ओरम के जाने से चेन्नई सुपर किंग्ज में बल्लेबाजों का जो स्थान रिक्त हुआ, उसकी भरपाई नहीं होने से ही सुपर किंग्ज को अपने पिछले तीनों मैच गंवाने पड़े हैं, लेकिन इससे वीरू चेन्नई को कमजोर मानने की भूल नहीं करना चाहते हैं। सहवाग ने कहा कि आईपीएल में किसी भी टीम को कमजोर नहीं माना जा सकता है। मैच के दिन जो टीम अच्छा खेलेगी, वह जीतेगी। माही भी अपनी टीम की कमजोरी को पहचान गए हैं और वीरवार के मैच में उससे उबरने की हरसंभव कोशिश करेंगे।
धोनी ने कहा, ‘विदेशी बल्लेबाजो के जाने से जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी भरपाई करना हमारे लिए जरूरी हो गया है। हम कमजोर बल्लेबाजी की वजह से ही हार रहे हैं।’ धोनी ने कहा कि अगले मैच में वे अपनी टीम की इस कमजोरी का दूर कर लेंगे। दूसरी ओर सौरव गांगुली की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स अपने शुरुआती दो मैच जीतने के बाद लगातार 4 मैच गंवा कर अंकतालिका में पांचवें स्थान पर है। सेमीफाइनल में पहुंचने की उसकी राह भी अब आसान नहीं है और बेंगलूर के खिलाफ हारने का मतलब यह होगा कि आगे के सभी मैचों में हरहाल में जीतना होगा।
ऐसे में बेंगलूर के खिलाफ कोलकाता टीम अपने पहले के प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी। लेकिन न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के चले जाने से उसका जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई होते नहीं दिख रही है। बहरहाल दोनों ही टीमों की कमजोरी यह रही है कि पूरी टीम एक साथ ‘क्लिक’ नहीं कर पा रही है, जबकि कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। बेंगलूर की टीम में द्रविड़ के अलावा जैक कैलिस,मार्क बाउचर, विराट कोहली अच्छे बल्लेबाज हैं, जबकि जहीर, प्रवीण और कुंबले जैसे मजबूत गेंदबाज हैं।
शोएब नहीं खेलेंगे
कोलाकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज पाकिस्तान के शोएब अख्तर टीम के साथ जुड़ चुके हैं, लेकिन पिछले करीब चार महीने से क्रिकेट मैदान से दूर होने की वजह से उनमें मैच लायक फिटनेस नहीं है। अत: इस मैच में उन्हें अंतिम 11 में शामिल नहीं किया जाएगा। बहरहाल स्टैंड में उनकी मौजूदगी से साथी खिलाड़ियों में विश्वास का संचार बढ़ेगा।