मुंबई
अक्षय कुमार जब बोले तो बोलते ही गए और महिलाओं की शान में कहने के लिए शब्दों को गढ़ते हुए नजर आए। वे कोशिश कर रहे थे कि अपने वाक्यों को किस तरह से खूबसूरत रूप दिया जाए, ताकि उनकी महिला प्रशंसक खुश हो सकें। अक्षय ने कहा कि ‘अक्सर यह कहा जाता है कि पुरुष महिलाओं से ज्यादा निडर होते हैं, लेकिन मेरा अनुभव है कि महिलाएं पुरुषों से ज्यादा निडर होती हैं।’
बैंकॉक में ‘कलर’ नाम से शुरू होने वाले चैनल की लांचिंग के बाद बॉलीवुड में स्टंट की दुनिया के किंग अक्षय ने अपने विचार व्यक्त किए। गौरतलब है कि अमिताभ, शाहरुख, सलमान की तरह ही अब अक्षय कुमार भी छोटे परदे पर एंट्री करने जा रहे हैं। जुलाई माह से शुरू होने वाले ‘कलर चैनल’ पर वे ‘खतरों के खिलाड़ी’ कार्यक्रम में दिखाई देंगे।
इस शो की खासियत यह है कि इसमें छोटे और बड़े परदे की बारह नायिकाएं अपनी निडरता का परिचय देंगी। बैंकॉक में चैनल की लांचिग अक्षय के इसी शो से की गई। एक्शन नायक की इमेज को बरकरार रखते हुए अक्षय इस कार्यक्रम में बाइक से कांच का दरवाजा तोड़कर मंच पर आए। इतना ही नहीं उन्होंने एक जहरीला पाइथोन भी टेबल के नीचे से निकालकर गले में पहना और पूरा समय उसे गले से लपेटे ही रहे।
यह नया चैनल अमेरिका की कंपनी वाइकॉम और नेटवर्क १८ ने शुरू किया है। समारोह में चैनल के सीईओ राजेश कामत और प्रोग्रामिंग हेड अश्विनी यार्डी जैसी हस्तियां भी उपस्थित थीं। चैनल की घोषणा के साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में पनपी प्रेमकहानी ‘मोहे रंग दे’ और ‘खतरों के खिलाड़ी’ कार्यक्रम की घोषणा की गई। कार्यक्रम के बाद दैनिक भास्कर के साथ विशेष बातचीत में अक्षय ने बताया कि ‘जब मेरे पास इस कार्यक्रम का प्रस्ताव आया तो मुझे लगा कि लंबे समय बाद मुझे फिर से मनपसंद काम करने का मौका मिल रहा है।
फिल्मों में इस समय मैं ज्यादातर कॉमेडी किरदार ही निभा रहा हूं और दर्शक मेरी एक्शन इमेज देखना चाहते है। ‘खतरों के खिलाड़ी’ के बारे में उन्होंने
बताया, विश्व में फीयर फैक्टर कार्यक्रम बेहद लोकप्रिय है और उसे ही हम भारतीय दर्शकों के लिए विशेष रूप से लेकर आ रहे हैं।’ अक्षय इस शो की प्रतिभागी अभिनेत्रियों को खतरों से लड़ने के लिए ट्रेन करेंगे और खुद भी स्टंट करके दिखाएंगे।
अक्षय ने कहा कि हर किसी को मन में डर लगता है, लेकिन कुछ लोग उसे निकाल पाने में सफल होते हैं, तो कुछ लोगों के मन में डर रहता ही है। वे अपनी निडरता का राज योगा और मेडिटेशन को बताते हैं। ‘खतरों के खिलाड़ी’ की शूटिंग दक्षिण अफ्रीका में की जाने वाली है। अक्षय का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका का जंगल उनके लिए एक अलग और जबरदस्त अनुभव होगा। साथ ही दर्शकों के लिए भी यह एक रोमांचक मनोरंजक कार्यक्रम होगा, जिसकी उन्हें दरकार है।