जालंधर अक्षय तृतीया की शुभ घड़ी ऑटो बाजार के लिए सबसे ज्यादा शुभ रही। कपड़े, गहनों की बिक्री के लिए जहां जालंधराइट्स ने अक्षय तृतीया सप्ताह में खरीदारी की, वहीं इस शुभ दिन बुधवार को ग्राहकों का पूरा ध्यान लग्जरी शॉपिंग पर रहा। ऑटो मोबाइल शो-रूम्स में दिनभर कारों की खरीदारी चलती रही। इस दौरान जिन कारों की उपलब्धता नहीं थी, उनके लिए बुकिंग काउंटर भी फुल रहे। किसी ने खरीदी तो किसी ने बुक करवाई शुभ घड़ी पर सपनों की गाड़ी।
गाड़ी नहीं तो बुकिंग ही सही
टाटा के शोरूम में गाड़ी खरीदने आए अभिसार ने कहा कि वे इंडिगो सीएस खरीदने आया था, मगर कंपनी शोरूम में एग्जैक्टिव से पता चला कि गाड़ी अभी स्टॉक में नहीं है और एडवांस बुकिंग जारी है। इस पर अभिसार ने गाड़ी बुक करवाई, वहीं दूसरी तरफ सतीश खन्ना ने बताया कि उन्होंने पंडित से गाड़ी लेने की तारीख निकलवाई थी। गाड़ी न मिलने पर परिवार ने बुकिंग से ही मन राजी कर लिया।
अक्षय तृतीया पर 10 गाड़ियां खरीदारों को डिलीवर की हैं। इसके साथ ही रोजाना के बदले 30 प्रतिशत कस्टमर ज्यादा आए हैं। कई लोगों ने आज ही अपनी गाड़ी की बुकिंग करवाई है।
- रजनीश तरीखा, मार्केटिंग मैनेजर, कैसल टोयटा।
आज खरीदारों की गिनती डबल रही है। दिनभर कस्टमर आते रहे और लोगों ने एडवांस बुकिंग के बावजूद आज ही गाड़ी मांगने की डिमांड की।
- परवीन आहुजा, कॉस्मो हुंडई।
आज ही नहीं वीरवार के दिन भी विजिटर्स का लगातार आना होगा। आज के दिन गाड़ी को सिलैक्ट करने या जानकारी लेने वाले नहीं बल्कि ऑन द स्पॉट परचेज करने वालों का तांता लगा रहा।
- भुपिंदर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर, कागरे मोटर्स