बीकानेर. नगर स्थापना दिवस के मौके पर पूर्व बीकानेर रियासत के प्रतिनिधि रविराजसिंह ने धनीनाथ गिरिमठ पंचमंदिर के अधिष्ठाता महामंडलेश्वर विशोकानंदगिरिजी के सानिध्य में रुद्राभिषेक किया। पूजन के दौरान उन्होंने शहर की समृद्धि के लिए कामना की और विरासत की रक्षा का संकल्प किया।
रविराजसिंह ने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है बीकानेर नगर के परमप्रतापी राजा गंगासिंहजी के वंशज हैं। गंगासिंहजी के लड़पोते के रिश्ते से नगर के प्रति उनके दायित्व हैं और अपने स्तर पर इसे पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। नगर स्थापना दिवस पर इसी दायित्वबोध की वजह से बीकानेर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बीकानेर के लिए काफी कुछ करने की इच्छा है लेकिन सही समय का इंतजार है। बीकानेर का हित सोचने वालों के साथ लगातार संपर्क बना रखा हूं। बीकानेर का हित चाहने वाले सिर्फ राजनेता ही नहीं बल्कि बुद्धिजीवी, उद्यमी और अधिकारी वर्ग के लोग भी हैं जिन्होंने शहर के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत जताई है।
इन सभी के साथ मिलकर जल्दी ही शहर के विकास का एक ब्ल्यू-प्रिंट तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता शहर के विकास के लिए शुरुआत करना है। योजना कि क्रियान्विति के लिए भी सकारात्मक माहौल बनेगा, यह विश्वास है।
धनीनाथ गिरिमठ में पूजा के बाद संगोष्ठी का आयोजन हुआ जिसमें साहित्यकार श्रीलाल नथमल जोशी, जानकीनारायण श्रीमाली, वैद्य महावीरप्रसाद शर्मा, सोमदत्त श्रीमाली, स्वामी सत्यानंद व रमेशानंद ने विचार रखे।