बीकानेर. जिला कलेक्टर शिखर अग्रवाल ने कहा कि बीकानेर शहर लगातार अपने विकास की ओर अग्रसर है। हर व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि अपने शहर के विकास के लिए तत्पर रहे। वे बुधवार को राव बीकाजी प्रतिमा स्थल पर आयोजित नगर स्थापना दिवस के मुख्य समारोह को मुख्यअतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने शहर के आगामी विकास कार्यो को जानकारी देते हुए बीकाजी प्रतिमा पर विकास के लिए २क् लाख रुपए देने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि रा. खादी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भवानीशंकर शर्मा ने बीकानेर को सद्भावना का प्रतीक बताते हुए शहर के वीरों के बलिदान पर प्रकाश डाला। नगर परिषद के पूर्व सभापति अखिलेशप्रतापसिंह ने शहर को सम्पूर्ण साक्षर एवं शिक्षित बनाने का संकल्प दिलवाया।
अध्यक्षता करते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यप्रकाश आचार्य ने शहर को अदभुत रत्नों की खान बताते हुए कहा कि शहर की कई प्रतिभाओं ने पूरे विश्व में नाम रोशन किया है। राव बीकाजी संस्थान के सुरजमालसिंह राठौड़ एवं विद्यासागर आचार्य ने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत में साहित्यकार लक्ष्मीनारायण रंगा एवं कवि संजय आचार्य ‘वरुण’ ने दोहों के माध्यम के बीकानेर की साझा संस्कृति बयान की। इससे पूर्व राजारायसिंह ट्रस्ट के बैंड की स्वरलहरियों के साथ अतिथियों ने रावबीकाजी प्रतिमास्थल की पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया। संस्था सचिव नरेन्द्र स्याणी ने उपस्थितजनों का आभार जताया। उधर, राव बीकाजी संस्थान की ओर से सुदर्शना कला दीर्घा में चल रही चित्र प्रदर्शनी का समापन भी बुधवार को हुआ।