जयपुर. ‘जिस मामले में मेरे गनमैन और कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया है, उसी मामले में मुझे भी गिरफ्तार किया जाए। मैं भी उसी एफआईआर में नामजद हूं, जिसमें ये दोनों नामजद हैं।’ डॉ.किरोड़ीलाल मीणा ने इस आशय का पत्र मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को लिखा है।
इस बीच करौली और सवाई माधोपुर के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल आजाद ने मीणा पर खाद्य मंत्री रहते हुए करोड़ों रुपए के घपले करने का आरोप लगाया है। उधर डॉ. मीणा ने मुख्यमंत्री को इस पत्र में कहा कि वे एफआईआर में नामजद होते हुए बाहर घूमते रहें, यह ठीक नहीं।
उनके गनमैन और कार्यकर्ता के गिरफ्तार होने से एवं उन्हें गिरफ्तार नहीं करने से वे शर्मसार हैं। इसलिए उनकी गिरफ्तारी के निर्देश शीघ्र दिए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि फरार अपराधियों को वाहनों और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाएं क्योंकि उनके जैसे व्यक्ति द्वारा अपराधियों के पकड़वाए जाने के बावजूद भी उनको गिरफ्तार नहीं करना और उनसे बरामद हथियार को अज्ञात व्यक्ति से बरामद बताना संदेह पैदा करता है।
डॉ.मीणा ने लाठीचार्ज करवाने वाले पुलिस अधीक्षक, मुख्यसचिव को पत्र लिखने वाले दौसा जिला कलेक्टर और सार्वजनिक बयानबाजी करने वाले आईजी बी.आर.ग्वाला के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
डॉ.मीणा ने अपने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक उनके प्रति दुर्भावना रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दौसा जिले के बालाजी मोड़ पर मंगलम मिडवे होटल में ठहरे 20-25 युवक सोची समझी चाल के तहत वहां आए थे।
इनके फोन क ॉल की डिटेल निकलवाई जाए तो उनके कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, आईजी पुलिस और आईजीएम कंपनी के साथ संपर्क का खुलासा हो सकता है। साथ ही गहन जांच की जाए तो कुछ अन्य अपराधियों और राजनेताओं की संलिप्तता का भी खुलासा हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर सभी अपराधी पकड़े जाएं तो यह भी सामने आ जाएगा कि इन्हें कौन लेकर आया था।
डॉ. मीणा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह कभी नहीं कहा कि मंगलम मिडवे में ठहरे युवक उन पर हमला करने आए थे, यह तो पुलिस के अधिकारियों ने ही प्रचारित किया है। डॉ.मीणा ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस निदरेष लोगों को गिरफ्तार कर रही है और इसके लिए पूरे गांव को खाली करवाकर महिलाओं से मारपीट कर रही है।