HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

रुपयों से भरी तिजोरी ले गए

जैसलमेर. मोहनगढ़ कस्बे में स्थित उपनिवेशन तहसील नं. 2 से मंगलवार रात चोर 23 लाख रुपए से भरी तिजोरी उठाकर ले गए। यह तिजोरर्ी ईटों की दीवार में लगी हुई थी। बुधवार सुबह जैसे ही इस वारदात के बारे में पता चला जिले भर में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत राज्य भर में नाकेबंदी करवा दी।

तहसील कार्यालय कस्बे के बाहर की ओर सूनी जगह पर बना हुआ है। सुबह जब अधिकारी, कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और दीवार में लगी तिजोरी ही गायब थी। तिजोरी में 23 लाख रुपए थे।

3 साल पहले अलमारी भी ले गए थे डकैत
मेडतासिटी. मेडता उपखण्ड मुख्यालय पर मुख्य डाकघर से तीन वर्ष पूर्व डकैत अलमारी उठाकर ले गए थे। इस अलमारी में करीब ५ लाख रुपए के इन्दिरा विकास पत्र व ५१ हजार की नकदी थी। डकैतों ने अलमारी को तोड़कर नकदी व विकास पत्र निकाल लिए थे।

मेड़ता पुलिस को घटना के कुछ दिनों बाद टूटी हुई अवस्था में यह अलमारी श्मशान घाट के पास लावारिस पड़ी मिली। पुलिस ने इस डकैती में ५ लोगों को गिरफ्तार किया जिनको न्यायालय ने 5 -5 वर्ष की सजा भी सुनाई।

सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे
उपनिवेशन तहसील कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था रामभरोसे है। इन कार्यालयों में किसानों से संबंधित कार्य संपादित किए जाते हैं। इसके तहत ब्याज माफी व मुरबा आबंटन की राशि कार्यालयों में जमा की जाती है।

पिछले दिनों नहरी मुरबों की बकाया किश्तों पर ब्याज माफी छूट योजना के चलते इन कार्यालयों में करोड़ों रुपए जमा हुए। इसके बावजूद यहां सुरक्षा के नाम पर कमरों पर छोटे-छोटे ताले लगे रहते हैं।

एसपी वंदना ने बताया कि यहां रात में चौकीदार रहता है, मगर वह भी एक सप्ताह से अवकाश पर है। आमतौर पर लाखों रुपए के कैश ये लोग पुलिस थाने अथवा एसबीबीजे, जैसलमेर व मोहनगढ़ की शाखाओं में जमा करवाते हैं, मगर कई बार इतनी बड़ी राशि इन्हीं कार्यालयों में पड़ी रहती है।

>> विशेष नहरी भूमि आवंटन के तहत राशि पिछले दो दिनों में काश्तकारों द्वारा जमा करवाई थी। मंगलवार को जैसलमेर मुख्यालय पर हुई बैठक में जाने के कारण यह राशि बैंक में जमा नहीं करवा पाए थे।
मानसिंह गुर्जर, अतिरिक्त सहायक आयुक्त, उपनिवेशन

23 लाख रुपए गए, 70 लाख रुपए बचे
एसपी केबी वंदना ने बताया कि चोरों ने 23 लाख रुपए से भरी तिजोरी निकाल ले गए, मगर इस कमरे के सामने दो कमरों में भी दो तिजोरियां रखीं हरुई थीं जिसमें क्रमश: पचास व बीस लाख रुपए रखे हुए थे। एक तिजोरी उपनिवेशन विभाग के सहायक आयुक्त तहसील संख्या एक में रखी हुई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: