HomeNewsRajasthanKota Kota

पूरी कॉलोनी का पानी बंद

कोटा. water हाउसिंग बोर्ड और जलदाय महकमे के बीच समन्वय के अभाव में स्वामी विवेकानंद नगर के करीब बारह हजार नागरिकों को पेयजल से महरूम रहना पड़ रहा है। शहर में बढ़ते जल-संकट और लगातार हो रहे धरना-प्रदर्शनों के बीच जलदाय महकमे ने बीते सप्ताह मुख्य लाइन का वह वॉल्व बंद कर दिया, जिससे कॉलोनी को करीब सालभर से पानी सप्लाई हो रहा था। अब कॉलोनी के बाशिंदे थक चुके ट्यूबवैलों के सहारे जैसे-तैसे अपना काम चला रहे हैं।

उधर, हाउसिंग बोर्ड के अफसर सारी जिम्मेदारी जलदाय महकमे पर मढ़ रहे हैं, जबकि जलदाय अफसर ओवरहैड टैंक के अधूरे होने की आड़ ले रहे हैं। स्वामी विवेकानंद नगर योजना को हाउसिंग बोर्ड ने विकसित किया है। कॉलोनी में पेयजल मुहैया कराने के लिए बोर्ड जलदाय विभाग को सवा करोड़ रुपए जमा करा चुका है। हाउसिंग बोर्ड ने पाइप लाइनें बिछाने के साथ ही उन्हें अकेलगढ़ वाटर सप्लाई स्टेशन से जोड़ दिया।

ऐसा करते ही नगर विकास न्यास के योजना क्षेत्र गणोश नगर व मेडिकल कॉलेज के नजदीकी इलाके में पानी का दबाव घट गया। जिस पर जलदाय विभाग ने बीते सप्ताह 30 अप्रैल को विवेकानंद नगर की मुख्य वितरण लाइन के वॉल्व को बंद कर दिया। नागरिकों का कहना है कि इसी लाइन से पिछले एक वर्ष से वे पानी ले रहे थे।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता के आदेश हवा
अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने अधीक्षण एवं अधिशासी अभियंता को 4 मई 07 को आदेश जारी किए थे कि स्वामी विवेकानंद नगर को विभाग की पेयजल लाइन से जोड़ दिया जाए। उन्होंने इंटरकनेक्शन की जानकारी भी तलब की थी, लेकिन मातहतों ने आदेश दरकिनार कर सप्लाई ही रोक दी।

ट्यूबवैल के पानी की गुणवत्ता ठीक नहीं
हाउसिंग बोर्ड की इस कॉलोनी में ट्यूबवैल से मिल रहे पानी को जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने सही गुणवत्ता का नहीं पाया है। उन्होंने पानी की कमी को भी स्वीकार किया है। उधर, अधिक दोहन से अब ट्यूबवैल भी जवाब देने लगे हैं।

योजना का अभी काम बाकी
जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुनील मोहन गुप्ता का कहना है कि हाउसिंग बोर्ड की योजना को विभाग ने ले तो लिया है, लेकिन आवासीय क्षेत्र में अभी तक ओवरहैड टैंक का निर्माण नहीं हुआ है। जब तक टैंक नहीं बनेगा, तब तक अकेलगढ़ से पानी नहीं दिया जा सकता।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: