HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

पानी मांगती महिलाओं पर पुलिसिया कहर

खेतड़ी. police पानी की मांग को लेकर अपना दर्द प्रशासन को सुनाने के लिए महिलाओं के साथ पुलिस ने र्दुव्‍यवहार किया। पुलिसिया आतंक की हद तब पार हो गई जब एक युवती को पुलिस ने मारा पीटा और घसीट दिया। पुलिस की इस हरकत से प्रदर्शन स्थल पर बैठी महिलाएं आग -बबूला हो गई।

आक्रोशित महिलाओं ने दोबारा टायर डालकर रास्ता जाम कर दिया। स्थिति की गंभीरता देखते हुए नायब तहसीलदार जनकसिंह चौहान ने जलदाय विभाग के एईएन मायालाल सैनी को बुलाया। शहर के वरिष्ठ लोगों की समझाइश और पानी की व्यवस्था सुचारू करने के आश्वासन के बाद महिलाओं ने रास्ता खोला।

जानकारी के अनुसार खेतड़ी शहर में पानी की समस्या के लेकर बुधवार को महिलाओं ने पोलो मैदान के पास सिंघाना-जयपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। शहर में पिछले तीन दिन से एक बूंद पानी भी नहीं आया।

आक्रोशित महिलाओं ने बुधवार सुबह करीब 11 बजे टायर डालकर सड़क जाम कर दी तथा तहसीलदार की गाड़ी के सामने खाली मटके फोड़कर अपना विरोध प्रकट किया। घटना की सूचना पर सीआई रणधीरसिंह दलबल सहित मौके पर पहुंचे। आते ही पुलिस ने जबरन रास्ता खुलाने की कोशिश की।

गत दिनों भी धरने पर बैठे थे शहरवासी : कस्बे में वार्ड चार से नौ और 17 व 18 में पानी की समस्या को लेकर शहरवासियों ने एसडीएम दफ्तर के सामने धरना दिया था। चार-पांच दिन चले इस धरने के दौरान जलदाय विभाग के अधिकारियों ने शीघ्र ही पानी की समस्या का हल करने का आश्वासन दिया था लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस है।

ग्रामीण क्षेत्रों के हालात तो और खराब
पानी की समस्या को लेकर पूरी तहसील में त्राहि-त्राहि मची हुई है, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारी कुछ नहीं कर पा रहे। पानी की समस्या अपर्याप्त वर्षा व भूजल के अत्यधिक दोहन के कारण खड़ी और बढ़ गई है।

खेतड़ी व बुहाना में जलदाय विभाग व किसानों के पांच सौ से छह सौ फुट गहरे बोरिंग नकारा हो रहे हैं। तहसील के सिहोड़, मेहाड़ा, नालपुर, शिमला, दूधवा, राजोता, चिरानी, खेतड़ी शहर, गोठड़ा सहित दो दर्जन से अधिक गांवों में पानी की भयंकर समस्या चल रही है।

>> अंधड़ के कारण पिछले तीन दिन से बिजली नहीं आ रही। जिस कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही। अब बिजली सप्लाई सुधर गई है तो पानी की समस्या भी नहीं रहेगी।
मायालाल सैनी एईएन खेतड़ी

>> पानी मांग रही महिलाओं के साथ पुलिस का व्यवहार अशोभनीय है। जलदाय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन दिया था। मजबूरन महिलाओं को सड़क पर आना पड़ा।
हरीश चौहान पूर्व पार्षद

>> पुलिस ने मेरे सामने एक लड़की को घसीटा तथा महिलाओं को गालियां दीं जो प्रजातांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है तथा इसका विरोध किया जाएगा।
बिजेंद्र चौधरी प्रत्यक्षदर्शी व कांग्रेस नेता





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: