HomeNewsMetrosIndore Indore

10 साल में 10 गुना बढ़े यात्री

इंदौर. अमरनाथ यात्रा पर जाने वालों की संख्या 10 साल में 10 गुना बढ़ गई है। इस बार इसके लिए बुधवार को पहले ही दिन तीन घंटे में करीब 3500 पंजीयन हुए। इस बार गुफा के आसपास सुरक्षा पुख्ता करने और हिमलिंग नहीं पिघलने देने के श्राइन बोर्ड के दावे से लोगों का उत्साह दोगुना हो गया है।

विवेकानंद हायर सेकंडरी स्कूल, न्यू पलासिया में सुबह 11 बजे से पंजीयन शुरू हुए और दोपहर 2 बजे तक चले। दि जम्मू एंड कश्मीर बैंक के मैनेजर मोहम्मद यासीन ने बताया बैंक के पास छह हजार पंजीयन आए हैं। पंजीयन की संख्या तय है लेकिन जिन्हें नहीं मिलता वे बिना पंजीयन ही बाबा के दरबार में पहुंचते हैं। इनकी संख्या भी हजारों में होती है। यात्रा 18 जून से शुरू होगी और दो महीने चलेगी।

यह लगातार तीसरा वर्ष है जब श्राइन बोर्ड ने यात्रा की अवधि इतनी लंबी रखी है। पिछली बार यात्रा शुरू होने से पहले ही हिमलिंग पिघल गया था। ऐसे में दर्शन के लिए गए लोग खासे दु:खी हुए थे। खरगोन निवासी किरण ठक्कर ने बताया पिछली बार बाबा के दर्शन नहीं होने का अफसोस है, इसलिए इस बार फिर जाऊंगी। मल्हारगंज के रवि अग्रवाल ने कहा श्राइन बोर्ड को हिमलिंग नहीं पिघलने देने का इंतजाम पहले ही ले लेना चाहिए था।

1982 में यात्रा एक सप्ताह की थी और करीब एक हजार लोग गए थे। इनमें भी ज्यादातर पंजाब व हरियाणा के थे। इसके बाद गुजरात से भी लोग जाने लगे। शिवशक्ति सेवा मंडल के प्रदेश प्रमुख रामेश्वर चौधरी ने बताया 1985 में मैं और कुछ लोग इंदौर से गए थे।

इसके बाद धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या बढ़ती गई। 1996 में यात्रा के दौरान बर्फबारी से काफी लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद देशभर के लोग अमरनाथ को जानने और जाने लगे। इसके बाद 1997 से यात्रियों का पंजीयन शुरू हो गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: