HomeNewsMetrosIndore Indore

हवा की ताल पर नाचा मौसम

इंदौर. बुधवार को मालवा-निमाड़ अंचल में कई जगह झमाझम हुई। बुरहानपुर में आधे घंटे तक अच्छी बारिश के साथ ओले भी गिरे। खरगोन जिले के देवझिरी में भी ओले गिरे। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

पश्चिमी मध्यप्रदेश से लेकर गुजरात तक बने सायरस (ऊपरी वायुमंडल के चक्रवात) और बिहार से छत्तीसगढ़ तक बनी 900 मीटर की द्रोणिका के कारण मौसम में अचानक बदलाव आ गया है। इससे इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल सहित आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम के उधेड़बुन के चलते दिन का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री, सामान्य से दो डिग्री कम हो गया। मौसम केंद्र भोपाल के सहायक मौसम विज्ञानी मंगलेश कुमार ने बताया सायरस पहले से है जिसे अरब सागर से नमी भी मिलने लगी है। इसके कारण आसपास के इलाके में कहीं तेज बारिश हुई है, जिससे तापमान गिरा।

क्या है सायरस और द्रोणिका - श्री मंगलेश ने बताया ऊपरी वायुमंडल में चक्रवात बनने से उस क्षेत्र की हवा गर्म हो जाती हैं और हल्की होने से ऊपर उठती हैं। इनकी जगह लेने के लिए ठंडी हवा नीचे की ओर बढ़ती है तो गोल-गोल चक्र बनने लगता है जिसे सायरस कहते हैं। द्रोणिका में कम दबाव का क्षेत्र लंबाई में बनता है जिससे क्षेत्र के आसपास मौसम में बदलाव आता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: