News
International International यंगून.
म्यांमार में मौजूद अमेरिकी राजनयिकों का कहना है कि शनिवार को आए विनाशकारी तूफ़ान से मारे जाने वालों की संख्या एक लाख से ज़्यादा हो सकती है।
एक अमेरिकी राजनयिक शैरी विलासोरा ने बताया कि मिल रहे संकेत इसी ओर इशारा कर रहे हैं कि मरने वालों की संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर सकती है।
विलासोरा ने यांगून से ही संवाददाताओं को यह जानकारी दी है। इसी बीच म्यांमार की सैन्य सरकार ‘जुंटा’ पर अंतरराष्ट्रीय सहायता के लिए अपनी सीमाएं खोलने का दबाव बढ़ता जा रहा है।
दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र ने राहत पर चिंता जताते हुए कहा है कि सहायता लोगों तक समय पर नहीं पहुँच पा रही है। गौरतलब है कि म्यांमार में इस शनिवार को लगभग 200 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से समुद्री तूफ़ान नरगिस आया था जिसने इरावॉडी नदी के मुहाने से जुड़े इलाक़े में भारी तबाही मचाई थी। सरकार का कहना है कि तूफ़ान से 22 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं और 41 हज़ार से ज़्यादा लोग लापता हैं।