News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रायपुर से सिमगा जा रही एक मिनी बस सिलतरा के आगे बड़ी बस से टकराकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई। 27 घायलों को आंबेडकर अस्पताल लाया गया। डाक्टरों के मुताबिक पांच की हालत गंभीर है।
पुलिस ने बताया कि मिनी बस क्रमांक (सीजी 12 जेड 0258) रायपुर से सिमगा के लिए दोपहर में रवाना हुई थी। पुल से ठीक पहले महिंद्रा ट्रैवल की बस क्रमांक (सीजी 04 ई 0243) ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान दोनों बस में टक्कर हो गई और मिनी बस पुल से नीचे जा गिरी। पुल की गहराई अधिक नहीं थी और उसमें पानी भी नहीं था।
बस के गिरने से गेट के पास बैठा यात्री नगरी निवासी भूपेंद्र यादव (17) पिता कैलाश शंकर यादव नीचे दब गया। उसने वहीं दम तोड़ दिया। भूपेंद्र 11 वीं का छात्र था और वह रिश्तेदारी के सिलसिले में पंडरभाठा जा रहा था। हादसे में महिलाएं और कुछ बच्चों को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि 27 अन्य घायलों में महिलाओं और बच्चों समेत पांच की हालत गंभीर है।
घायलों में गौचरण सतनामी, बजरंग यादव, बुलवा सतनामी, जानकी बाई, सिलऊराम, रजनी यादव, रामचरण, बिंदा बाई, नन्ने यादव, अशोक द्विवेदी, कैलाश शंकर यादव, बहुरण सतनामी, रामकिशुन यादव, शैलेंद्र यादव, रिंकी यादव, रेणूका यादव, बबला यादव, विजया यादव और मोनिका यादव शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि मिनी बस चालक सिमगा निवासी संतोष निषाद (30) की रिपोर्ट पर बड़ी बस चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद बस चालक ने फोन पर पुलिस को सूचना दी और फिर एंबुलेंस बुलवाया गया। एंबुलेंस के अलावा अन्य वाहनों में घायल यात्रियों को अस्पताल लाया गया।
बताते हैं कि हादसे के बाद बड़ी बस के चालक ने बस नहीं रोकी और वह वहां से सवारी समेत भाग निकला। रास्ते में बस में सवार कुछ सवारियों ने बस रोकने के लिए भी जोर दिया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी।
अस्पताल में अफरातफरी
घायलों के अस्पताल पहुंचते ही ट्रामा यूनिट में जबर्दस्त अफरातफरी का माहौल रहा। घायलों में रायपुर शहर के भी लोग शामिल हैं। परिवार और परिजनों को जब इसका पता चला तो वे तुरंत अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में डाक्टरों की संख्या कम थी, इस वजह से घायलों को और परेशान होना पड़ा।