लीडरशिप मंत्र. बचपन से मुझे लिखने से चिढ़ थी। इसका कारण यह है कि मेरे लेखन में व्याकरण की काफी गलतियां होतीं, मेरी लिखावट बहुत खराब है। इस वजह से मैं सोचता कि लिखने में अपना समय और ऊर्जा बर्बाद क्यों करूं, लिखने की अपेक्षा बोलकर अपनी बातों को दूसरों तक पहुंचाना ज्यादा सरल है। काफी समय तक ऐसा ही चलता रहा।
आखिर फरवरी 2007 को मेरे गुरु ने मुझे अपने नेतृत्व संबंधी अनुभवों को कागजों पर उतारने के लिए मजबूर किया। मैं इसके लिए हिचक रहा था और मैंने न लिखने के लिए उनसे हजार बहाने बनाए। लेकिन गुरु पीछे पड़ गए और उन्होंने मुझे बचने का कोई मौका नहीं दिया।
आखिर मैंने अपने विचारों को लेखनीबद्ध करना शुरू किया। मेरे लिए लिखना वाकई कठिन था और अपनी मर्जी के विरुद्ध यह कार्य करने के कारण मैं अक्सर दिमागी उलझन में फंस जाता। लेकिन धीरे-धीरे सब कुछ ठीक होने लगा और मेरे लेखन में प्रवाह आ गया।
इससे मुझे एक महत्वपूर्ण सबक मिला- ‘किसी कार्य के बारे में बहुत ज्यादा सोचने से यही बेहतर है कि उस पर काम शुरू कर दिया जाए।’ सोचना शुरू करते ही हम अक्सर इसे टालने के कारणों पर ठहर जाते हैं।
ज्यादातर समय हम अपनी क्षमता और ताकत को इसलिए समझ नहीं पाते क्यांेकि हम उस विशेष काम को टाल रहे होते हैं(हम अपने कंफर्ट जोन से बाहर नहीं आना चाहते)। अनजाने काम के भय से आप जीवन में आगे नहीं बढ़ेंगे, वरन पीछे ही जाएंगे।
नई शुरुआत करने से कभी न डरें; हो सकता है इससे आपके जीवन की दिशा ही बदल जाए। काम की शुरुआत पर ध्यान दें, बाकी चीजें अपने आप ठीक हो जाएंगी। यदि ऐसा नहीं किया तो आपको इन्हें दुरुस्त करने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ सकती है। अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकले और अपनी सामथ्र्य को पहचानें।
लेखक नेतृत्व प्रशिक्षण संस्था लीडकैप के संस्थापक हैं।