News
International International मनीला. जानवरों के संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था ‘इथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स’ (पेटा) के सदस्यों ने गुरुवार को फिलीपींस की राष्ट्रपति ग्लोरिया मैकपैगल अरोयो से अनुरोध किया है कि वह सामाजिक रूप से शाकाहारी भोजन अपनाने की अपील करें।
पेटा ने पत्र के जरिए अरोयो का ध्यान इस ओर दिलाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि विश्व के हर इंसान के लिए पर्याप्त भोजन का उत्पादन होता लेकिन इनमें से काफी भोजन उन जानवरों को खिला दिया जाता है जिसका मांस इंसान खाता है।
पेटा के एशिया प्रशांत क्षेत्र के निदेशक जसन बेकर ने कहा कि एक अरब मीट्रिक टन भोजन प्रतिवर्ष ऐसे जानवरों को खिला दिया जाता है। इतने अनाज में विश्व की आधी आबादी को भोजन मिल सकता है।
पेटा के मुताबिक जानवरों में एक किलोग्राम मांस बढ़ाने के लिए उन्हें16 किलोग्राम अनाज खिलाना पड़ता है।
बेकर ने अरोयो से पूछा, 'क्या आप फिलीपींस को शाकाहारी बनाने की कोशिश करेंगी?'
पेटा ने अरोयो के कर्मचारियों को शाकाहारी भोजन की सूची सहित भोजन से जुड़ी कई अन्य जानकारियां भी देने की योजना बनाई है।
गौरतलब है कि फिलीपींस विश्व का सबसे बड़ा चावल आयात करने वाला देश है।