News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. शहर के झांसी रोड थानाक्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने लूट की एक और वारदात को अंजाम दे दिया। गुरुवार की दोपहर बदमाशों ने एजी ऑफिस पुल के नीचे एक व्यापारी से 19 हजार रुपए लूट लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संजीव पुत्र एसएन शर्मा निवासी त्यागी नगर मुरार की फूलबाग स्थित मानस भवन में कपड़े की दुकान है। दोपहर डेढ़ बजे वह दुकान से बैंक के लिए निकला था। बैंक में उसे 19 हजार रुपए जमा करना थे। संजीव ने सिटी सेन्टर स्थित बैंक जाने के लिए बसंत विहार से एजी ऑफिस जाने वाला सुनसान रास्ता चुना था। लगभग दो बजे संजीव एजी ऑफिस पुल के नीचे पहुंचा तो एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इसे ओवरटेक कर रोका और इसके बाद उसे धक्का देकर पटक दिया। जैसे ही वह नीचे गिरा बदमाशों ने इसके स्कूटर पर लटका बैग छीना और भाग निकले। गिरने के कारण उसकी आंखों से चश्मा हट गया था और वह घबरा गया था इसलिए बदमाशों का हुलिया और बाइक का मॉडल तथा रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं देख पाया।
छत्तीस घंटे में तीसरी लूट : पिछले छत्तीस घंटे में बदमाशों ने लूट की तीसरी वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार को तड़के सोना व्यापारी से आधा किलो सोने के जेवरात सहित आठ लाख रुपए का सामान, रात दस बजे महिला के गले से सोने की चेन और इसके बाद गुरुवार को कपड़ा व्यापारी को लूट लिया।