उदयपुर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उद्यमियों, और स्वैच्छिक संस्थाओं को चेतावनी देते हुए गरीबों के कल्याण कार्यो में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा, अभी तक हमने प्यार से कहा है, लेकिन जो बात नहीं मान रहा, वह यह जान ले कि सबकी बैलेंस शीट हमारे पास है।
मुख्यमंत्री ने यह बात गुरुवार को एयरपोर्ट रोड पर अलख नयन मंदिर आई इंस्टीट्यूट के शिलान्यास अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि जन कल्याण के कार्यो की जिम्मेदारी सरकार की ही नहीं है। इसमें उद्यमियों, व्यवसायियों, एनजीओ व आमजनता को भी भागीदारी करनी होगी।
उन्होंने कहा कि मैंने सभी कलेक्टर्स को एक कट-ऑफ लिस्ट दी है, उसमें उन कंपनियों की सूची मांगी गई है जो सीएसआर में शामिल हो सकती हैं। उनसे अपनी आय का एक निश्चित हिस्सा सामुदायिक कार्य में सहयोग करने के लिए देने को कहेंगे।