HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

अजयपाल पर दूसरा धावा

जयपुर. ‘माय हवेली’ प्रोजेक्ट छीनने के बाद सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के चैयरमैन अजयपाल सिंह पर दूसरा धावा बोलते हुए लक्ष्मी मंदिर तिराहे, टोंक रोड पर यूनीक बिल्डर्स के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स माइल स्टोन-1 के नक्शे स्थगित कर मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। जेडीए ने दिसबंर 07 में इस कॉम्प्लेक्स के नक्शे स्वीकृत किए थे।

जेडीए के आयोजना निदेशक शशांक महागांवकर ने बताया कि यूनीक बिल्डर्स के इस प्रोजेक्ट को सरकार ने ट्रैफिक में बाधा माना है। सरकार की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि राइट ऑफ वे के लिहाज से इस प्रोजेक्ट के नक्शे स्थगित कर दिए जाएं। यह आदेश आते ही जेडीए अफसरों ने निर्माण रुकवा दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर खुद अजयपाल सिंह मौके पर पहुंच गए थे। बताया जाता है कि जेडीए अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट के नक्शे पास करने में भी काफी तत्परता दिखाई थी।

जेडीए के मुख्य प्रवर्तन नियंत्रक (कार्यवाहक) रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई सचिव के निर्देशों से की गई है। इसके पीछे क्या कारण हैं, इस बारे में हमें कुछ भी नहीं पता।

जानकार सूत्रों के अनुसार, यह जमीन पूर्व में रोचीज होटल्स प्राइवेट लिमिटेड की थी, जिसे यूनीक बिल्डर्स ने खरीद कर दिसंबर 07 में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के नक्शे स्वीकृत कराए। यूनीक के निदेशक व अजयपाल सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह ने बताया कि इस कॉम्प्लेक्स में 180 ऑफिस और शोरूम बनने प्रस्तावित हैं। इनकी बुकिंग हो चुकी है। प्रत्येक ऑफस-शोरूम की कीमत 60 से 70 लाख रु. के बीच है। पूरे प्रोजेक्ट की लागत 50 करोड़ रुपए बताई गई है।

बिल्डरों में हड़कंप
टोंक रोड पर जेडीए द्वारा अनुमोदित प्रोजेक्ट के नक्शे स्थगित होने से भवन निर्माण से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। वे इस असमंजस में हैं कि जब इस कॉम्प्लेक्स को ट्रैफिक में बाधा माना गया है, तो टोंक रोड, सीकर रोड, अजमेर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गाें पर निर्माणाधीन और जेडीए से स्वीकृत मॉल्स पर भी कहीं सरकार आपत्ति न कर दे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: