HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

चमका गेहूं किसान खुश

भोपाल. प्रदेश के कई जिलों में सूखे की स्थिति के बाद भी इस साल किसानों को गेहूं की अच्छी कीमत मिलने के कारण मंडियों में ज्यादा आवक होने से रौनक छाई है। कई मंडियों में पिछले साल से 800 रुपए प्रति क्विंटल तक की ज्यादा कीमत किसानों को मिल रही है। पिछले साल जहां किसानों को 2691 रुपए प्रति क्विंटल की कीमत मिली थी, वहीं इस साल अभी किसानों को 2945 रुपए प्रति क्विंटल तक का भाव मिल चुका है।

सूखे के कारण इस साल गेहूं का उत्पादन कम होने की आशंका थी, लेकिन मंडियों में हो रही आवक से पिछले साल के लगभग ही गेंहू का उत्पादन होने के आसार बताए जा रहे हैं। अभी तक 24 लाख टन गेहूं मंडियों में पहुंच चुका है, जो पिछले साल की तुलना में तीन लाख टन ज्यादा है। पाले के कारण गेहूं के दाने पर कुछ स्थानों पर विपरीत असर पड़ा है, लेकिन अधिकांश बड़ी मंडियों की स्थिति यह है कि किसान वहां अच्छी कीमत मिलने के कारण अपने स्टोर वाले गेहूं को भी बेच रहे हैं। शरबती गेहूं प्रदेश की करीब 26 बड़ी मंडियों में लगातार पहुंच रहा है और लोकमन 32 मंडियों में बिकने के लिए आ रहा है।

वर्ष 2007 में 6 मई की स्थिति में 2000 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं बीना, आष्टा, भोपाल, इंदौर, खुरई, अशोक नगर, बड़नगर, बुरहानपुर, गाड़रवारा, गंजबासौदा, हरदा, खिरकिया, इटारसी, खरगोन, कुंभराज, लश्कर, महिदपुर, पिपरिया, रतलाम जैसी बड़ी मंडियों में बिका था। इस साल रतलाम, सागर, नीमच, मंदसौर, महिदपुर, खुरई, खिरकिया, खातेगांव, इंदौर, गुना, गंजबासौदा, धार, अशोक नगर, आष्टा, बड़नगर, बदनावर, बंडा, भीकनगांव, भिंड, बीना, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा जैसी मंडियों में गेहूं की कीमतों ने किसानों को खुश कर दिया है।

इस बार बहुराष्ट्रीय कंपनियों की रुचि कम
वहीं देखने में आया है कि गेहूं की ज्यादा कीमत होने के कारण बहुराष्ट्रीय कंपनियां पिछले साल की तुलना में प्रदेश से बहुत कम खरीदी कर रही हैं। मंडी बोर्ड के आला अफसर कहते हैं कि वर्ष 2007 में बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने 10 लाख टन गेहूं खरीदा था, वहीं इस करीब डेढ़ लाख टन गेहूं कंपयिनों ने खरीदा है।

हमारे गुना ब्यूरो के मुताबिक अभी तक वहां 990 से 1700 रुपए के बीच गेहूं बिका है। शरबती तो 2400 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका है। यहां बहुराष्ट्रीय कंपनी आईटीसी भी गेहूं खरीद रही है। छिंदवाड़ा ब्यूरो का कहना है कि इस साल 886 रुपए से लेकर 1800 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं बिक चुका है। इन दिनों स्थानों पर कई किसानों के गेहूं की क्वालिटी पाले की वजह से खराब हो गई है, जिससे उन्हें उम्मीद के मुताबिक कीमत नहीं मिल रही है।

हमारे बैतूल ब्यूरो के अनुसार वहां की मंडी में लोकमन के अलावा दूसरी क्वालिटी का गेहूं अभी तक मंडी में नहीं पहुंचा है। अभी तक यहां 1200 रुपए प्रति क्विंटल तक का भाव किसानों को मिला है। यहां बहुराष्ट्रीय कंपनियां खरीदी के लिए अभी आगे नहीं आईं हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: