Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
फिल्मों को हिट कराने के लिए कलाकारों को आजकल नया लुक अपनाने का शौक चढ़ गया है। ‘ओम शांति ओम’ में शाहरुख खान और ‘टशन’ में करीना कपूर के बाद अब प्रियंका चोपड़ा भी अपनी नई फिल्म ‘लव स्टोरी-2050’ में नए लुक में नजर आएंगी। इस फिल्म के लिए उन्होंने अपने बालों को लाल रंग में रंगवा लिया है। प्रियंका को फिल्म के लिए नया लुक देने का आइडिया निर्देशक हैरी बवेजा का था। प्रियंका को जब उन्होंने इस लुक के बारे में बताया तो वह तुरंत इसके लिए मान गईं। वैसे हैरी ने उन्हें नए लुक के लिए बालों को रंगवाने की बजाय विग पहनने की सलाह दी थी लेकिन प्रियंका ने अपने बालों पर प्रयोग करना बेहतर समझा।
प्रियंका के लुक बारे पूछने पर हैरी बवेजा ने कहा, ‘चूंकि हमारी फिल्म की कहानी वर्ष 2050 के इर्द-गिर्द घूमती है, इसलिए प्रियंका को एक नया लुक देना बहुत जरूरी था। मैंने और मेकअप आर्टिस्ट मिक्की कॉन्ट्रैक्टर ने करीब छह महीने तक इस पर काम किया और तब कहीं जाकर उनके बालों का लुक फाइनल हुआ।’ हैरी कहते हैं कि उनके लिए प्रियंका के बालों के स्टाइल के अलावा उनके कपड़ों के डिजाइन चुनना भी बड़ा चुनौतीपूर्ण रहा।
उन्होंने कहा, ‘हमें प्रियंका के लिए वे कपड़े चुनने थे, जिन्हें देखकर दर्शकों को महसूस हो कि 40 साल बाद लोग वाकई ऐसे दिखेंगे। हमें अपने कलाकारों को दूसरे ग्रह से आए प्राणी नहीं बल्कि सीधे-साधे इनसान के रूप में दिखाना था। इसलिए हमने कलाकारों को नया लुक दिया।’