Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
अपने तुनक मिजाज के लिए विख्यात काजोल जब बोलती हैं, तो फिर आगे-पीछे नहीं देखतीं। पति अजय देवगन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘यू मी और हम’ में जबरदस्त परफॉर्मेस देने वालीं काजोल ने ऐसी ही बात कही, जो पति अजय और दोस्त करन जौहर को भी कटु लग सकती है।
काजोल का कहना है कि वे अपने काम के मामले में दोस्ती या रिश्ते पर ध्यान नहीं देतीं, बल्कि स्क्रिप्ट पर ध्यान देती हैं। यदि स्क्रिप्ट अच्छी न हो तो वे अपने पति अजय की फिल्म भी ठुकरा सकती हैं। हैं न कटु वचन! गौरतलब है कि ‘यू मी और हम’ के बाद अब काजोल और अजय फिर से एक एनिमेशन फिल्म में नजर आ रहे हैं।‘टूनपूर का सुपर हीरो’ नाम से बनने वाली इस फिल्म में अजय और काजोल उनके रियल लाइफ किरदार ही निभा रहे हैं।
काजोल ने बताया, जल्दी ही वे इस फिल्म की शुरुआत करने वाले हैं। फिल्म की कहानी बहुत ही अच्छी होने की वजह से ही उन्होंने इसमें काम करने के लिए हामी भर दी है। ‘राजू चाचा’ में कुछ स्पेशल इफेक्ट्स थे, लेकिन ‘टूनपूर का सुपर हीरो’ पूरी तरह एनिमेटेड है, जिसमें लाइव केरेक्टर भी हैं। हालांकि परदे पर वे किसी से नहीं डरती, लेकिन इस फिल्म के एनिमेटेड किरदार से उन्हें पहली बार डर महसूस हुआ है। फिर से अजय के साथ फिल्म में आने की वजह पूछने पर काजोल ने कहा, लोग कहेंगे कि पति की फिल्म है, इसलिए वे इसमें काम कर रही हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। वे जब भी कोई फिल्म स्वीकार करतीं हैं उसकी कहानी देखती हैं। अगर अच्छी कहानी में उन्हें चार सीन भी मिलें तो वे बहुत खुश हो जाएंगी।
वे मानती हैं कि काम के दौरान अपनों का साथ प्रेरणादायक होता है और उनके साथ काम करने में आसानी हो जाती है, लेकिन काम के साथ कोई समझौता वे बरदाश्त नहीं कर सकतीं। उन्होंने बातों ही बातों में करन जौहर को भी लपेट लिया। उन्होंने कहा कहानी अच्छी नहीं होने पर वे अपने दोस्त करन जौहर की फिल्म भी नहीं करेंगी।