रोहतकक्राइम ब्रांच-1 के दो पुलिसकर्मियों पर एक महिला ने उसके साथ थाने में ही दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। झज्जर के सुभाष को सीआईए प्रथम पुलिस ने पिछले माह बाइक चोरी के आरोप में पकड़ा था। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की बाइक भी बरामद हुई थी।
मामले में नया मोड़ तब आया जब 10 अप्रैल को आरोपी की पत्नी कमला (काल्पनिक नाम) ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसके पति के हिरासत में होने की झूठी सूचना देकर उसे थाने बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। एसपी हनीफ कुरैशी को दी शिकायत में उसने कहा है कि जब वह थाने पहुंची, तो वहां उसका पति नहीं मिला।
उस समय वहां पर दो पुलिस कर्मी थे। इन दोनों ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डीएसपी धीरज कुमार सेतिया को जांच का जिम्मा सौंपा है।
पुलिसकर्मियों की शिनाख्त परेड होगी
पीड़िता के मुताबिक दोनों पुलिसकर्मी सादे लिबास में थे। सामने आने पर वह उन्हें पहचान लेगी। जांच अधिकारी सीआईए में कार्यरत पुलिसकर्मियों की शिनाख्त परेड कराएंगे।
सुभाष को चोरी के आरोप में पकड़ा गया है और उससे चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। कई बार आरोपी को बचाने के फेर में इस तरह के आरोप लगाए जाते हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। अगर मामला सच्च निकला तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। -धीरज सेतिया, डीएसपी सिटी, रोहतक