HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

चरित्र पर संदेह, पत्नी की हत्या

बिलासपुर. चरित्र पर संदेह के चलते एक व्यक्ति ने बसूला से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पथरिया के समीप ग्राम भुवनपुर निवासी 27 वर्षीय मनोज कुमार रजक की शादी कुछ समय पहले ग्राम भठली निवासी ईश्वरी बाई से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक तो सब ठीक था, लेकिन बाद में वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करने लगा। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता था। कई बार बात मारपीट तक भी पहुंच चुकी थी।

ईश्वरी बाई ने इस बात की जानकारी अपने माता-पिता को भी दी थी। उसके अभिभावकों ने भी इस बात को लेकर मनोज को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह नहीं माना। बुधवार को ईश्वरी बाई के परिवार में किसी युवती की शादी थी। विवाह समारोह में शामिल होने के लिए वह अपने पति के साथ अपने मायके गई हुई थी। सुबह वे शादी में शरीक हुए।

शाम लगभग 6:15 बजे बारात की विदाई हो रही थी। घर के सभी लोग बाहर दरवाजे के पास बारातियों को विदा कर रहे थे। ईश्वरी बाई भी वहीं पर थी। तभी मनोज वहां पहुंचा, उसने आवाज देकर उसे अंदर बुलाया। उसकी आवाज सुनकर वह अंदर गई। मनोज ने अपने पास बसूला छिपाकर रखा था।

जैसे ही वह आई उसने बसूला से उसके गले में वार कर दिया। इससे पहले वह संभल पाती, उसने लगातार वार करना शुरू कर दिया। उसकी चीख सुनकर घर के बाहर खड़े परिजन दौड़कर अंदर पहुंचे। अंदर ईश्वरी बाई की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।

पास ही मनोज हाथ में बसूला लिए खड़ा था। लोगों ने उसे पकड़ लिया और तत्काल घटना की सूचना पथरिया पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।

हंसते-खेलते घर में मातम
विवाह समारोह होने की वजह से घटना के समय पूरे परिवार व समाज के लोग वहां पर जमा थे। लोग शादी की वजह से काफी खुश थे। अचानक हुई इस घटना ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। कुछ समय पहले विदाई की रस्में निभा रही ईश्वरी की अचानक मौत ने सभी को सकते में ला दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: