HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

ट्रक ने साइकिल सवार को रौंदा, चक्काजाम

बिलासपुर. विवाह समारोह में शामिल होने के लिए यदुनंदन नगर आया ग्रामीण गुरुवार की सुबह शहर घूमने के लिए निकला। वह रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा ही था कि तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उसे पीछे से अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। घटना से नाराज लोगों ने मुआवजे की मांग पर मेन रोड पर लगभग एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

सिविल लाइन पुलिस के अनुसार कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम लारीपारा निवासी 30 वर्षीय दिनेश साहू पिता मोतीलाल किसी रिश्तेदार के घर विवाह समारोह में शामिल होने के लिए यदुनंदन नगर आया हुआ था। गुरुवार की सुबह लगभग 9:30 बजे वह किसी की साइकिल लेकर शहर घूमने के लिए निकला।

यदुनंदन नगर से वह तिफरा रेलवे क्रासिंग तक ही पहुंचा था कि रायपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 10, ए 6177 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे रौंद दिया। ट्रक की चपेट में आने से दिनेश ने तत्काल दम तोड़ दिया।

ट्रक ने बगल में एक अन्य साइकिल पर चल रहे तिफरा निवासी 30 वर्षीय राजू कश्यप पिता जेठू को भी ठोकर मार दी। इससे राजू व उसकी साइकिल पर बैठा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। हादसे में साइकिल सवार की मौत के बाद वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो उठे।

कुछ ही समय में वहां काफी भीड़ जमा हो गई। लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। इस मांग पर उन्होंने मेन रोड पर चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम संजय अग्रवाल, डीएसपी ट्रैफिक सुशील डेविड सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे जाम समाप्त करने को तैयार नहीं हुए। अंत में एसडीएम श्री अग्रवाल ने मुआवजे के रूप में मृतक के परिजन को पांच हजार रुपए देने की घोषणा की। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

दोनों तरफ लगी वाहनों की कतार
हादसे के कुछ देर बाद नागरिकों ने चक्काजाम कर दिया। रायपुर रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर एक घंटे तक चक्काजाम होने की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रायपुर रोड की ओर हर्िी तक ट्रकों की लाइन लग गई थी। जाम समाप्त होने के कई घंटे बाद तक यातायात सामान्य नहीं हो पाया था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: