अजमेर. अजमेर रीजन थैलेसीमिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में सोसायटी से पंजीकृत 77 बच्चों ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय थैलीसीमिया दिवस के अवसर पर बिड़ला सिटी वाटर पार्क में सामूहिक जन्म दिन मनाया। नगर परिषद के सभापति धर्मेन्द्र गहलोत ने केक कटवाकर बच्चों में खुशियां बांटी।
सोसायटी के महामंत्री ईश्वर पारवानी के मुताबिक हर साल की भांति इस बार भी 8 मई को थैलेसीमिया दिवस पर बच्चों के मनोरंजन के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभापति धर्मेन्द्र गहलोत के अलावा इनरव्हील क्लब की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा गहलोत, गोविंद जैन, बिरला सेठ, बलवीर सिंह हुंजन, गौरव जैन सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थिति थे।
इस अवसर पर धर्मेन्द्र गहलोत ने बच्चों से कहा कि वे सदैव मोमबत्ती की तरह संसार को रोशन करते रहें और संघर्षशील बनें। बच्चों के लिए सोसायटी द्वारा अंताक्षरी, गिफ्ट या गोलगप्पा प्रतियोगिता, खेलकूद आदि का आयोजन भी किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।
परिषद करेगी आर्थिक मदद
इस अवसर पर गहलोत ने घोषणा की कि थैलेसीमिक बच्चों को लौहकण विसर्जन के लिए नगर परिषद की ओर से आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने सोसायटी की ओर से जारी पेम्पलेट का विमोचन भी किया।