बीकानेर. शिक्षा विभाग में तृतीय श्रेणी शिक्षक पदों पर 450 और अभ्यर्थियों को नियुक्तियां देने की तैयारी की जा रही है। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने हाल ही में शिक्षक नियुक्तियां 2007 में शेष बचे 450 फार्म और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय को भेजे हैं।
इन पदों पर शिक्षकों को नियुक्तियां देने के लिए काउंसिलिंग करवाने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। यह फार्म उन अभ्यर्थियों के हैं, जो मैरिट में नीचे हैं। इसलिए इन्हें मैरिट के आधार पर जिलों का आबंटन करने में विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी। यह भी संभव है कि विभाग काउंसिलिंग किए बिना ही इन्हें जिले आबंटित कर दे। इन अभ्यर्थियों को शेष रिक्त पदों पर लगाया जाएगा।
1200 पद खाली रहेंगे
शिक्षक नियुक्ति 2007 में 1200 पद रिक्त रहेंगे। यह पद टीएसपी एरिया के अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। इन पदों पर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को नियुक्तियां नहीं दी जा सकती। राज्य सरकार ने 28065 में से बीएसटीसी योग्यताधारियों के 9305 तथा बीएड डिग्रीधारकों के 18760 पदों पर नियुक्तियां जारी की थीं।