जोधपुर. रेलवे के महाप्रबंधक अशोक गुप्ता का जोधपुर दौरा समाप्त होते ही रेलवे स्टेशन पर सब कुछ पहले जैसा हो गया है। सफाई से लेकर स्टाल धारक तक अपने असली अंदाज में नजर आए। बुधवार रात्रि प्रतीक्षालय व पूरा स्टेशन साफ-सुथरा था।
गुरुवार को प्रतीक्षालय में फिर गंदगी का आलम था तो कल मुस्तैदी से तैनात टिकट चैंकिंग स्टाफ आज नदारद था। भास्कर ने जीएम के जयपुर लौटने के बाद गुरुवार को स्टेशन की व्यवस्था देखी तो सब कुछ पहले जैसा दिखा।
मेन गेट से नदारद चैकिंग स्टाफ
जीएम की विजिट के दौरान वर्दी व नेमप्लेट लगाए मुस्तैदी के साथ खड़ा टिकट चैंकिंग स्टाफ स्टेशन से बाहर निकल रहे यात्रियों की जांच कर रहा था, लेकिन गुरुवार को मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात चैकिंग स्टाफ ही अधिकांश समय नदारद रहा। स्टेशन पर टहल रहे चैकिंग स्टाफ की यूनिफॉर्म व नेम प्लेट नदारद थी। एक टीटीई से जब यूनिफॉर्म के बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि जीएम आएंगे तो पहन लेंगे।
कुछ लोगों ने ही पहनी यूनिफॉर्म
जीएम की विजिट के दौरान यूनिफॉर्म नहीं पहने स्टाल धारकों को लताड़ खाने के साथ कुछ देर के लिए व्यवसाय बंद रखना पड़ा था। स्टेशन पर उन्हीं स्टाल धारकों को खड़ा रहने दिय जिन्होंने यूनिफॉर्म पहन रखी थी। गुरुवार को प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़े स्टाल धारकों ने तो यूनिफॉर्म पहन रखी थी, लेकिन स्टाल धारक बिना यूनिफॉर्म ही थे।
पुराने र्ढे पर लौटी सफाई व्यवस्था
रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक व प्रतीक्षालय की बुधवार को चमक रही फर्श पर गुरुवार को गंदगी का आलम रहा। जीएम के निरीक्षण के दौरान दिन भर चली मशीनें आज कुछ समय के लिए ही चलाई गई।