News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati चूरू.
जिलेभर में गुरुवार को मौसम ने कई रंग बदले। दिनभर कहीं आंधी, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं ओलावृष्टि का मौसम रहा। शहर में सुबह नौ बजे तक आसमान से बरसी धूल लोगों के लिए पीड़ादायी साबित हुई। दूसरी ओर तारानगर के गांव गाजूवास में करीब 10 मिनट तक ओले गिरे, सादुलपुर तथा सुजानगढ़ में आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। क्षेत्र में सुबह से आसमान से धूल की बारिश होती रही।
दोपहर तक आसमान में धूल का गुबार छाया रहा। दिनभर मिट्टी उड़ने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी के कारण चली ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी। दोपहर में उमस का भी प्रभाव रहा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.6 व न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रतनगढ़. गुरुवार की सुबह लोगों को धूल भरी आंधी से रूबरू होना पड़ा। पूरे दिन आसमान में गर्द छाई रही तथा उमस से लोग परेशान रहे। समाचार लिखे जाने तक आसमान में काले बादल घिर हुए थे तथा धूलभरी आंधी चल रही थी। लाडनूं. कस्बे में गुरुवार की शाम हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। बारिश के साथ ओले भी पड़े।
एक तरफ अक्षय तृतीया के अबूझ सावे पर क्षेत्र में शादियों की भरमार, वहीं दूसरी तरफ पिछले तीन दिनों से चल रहे आंधियों के दौर ने विवाह कार्यक्रमों में व्यवधान डालने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। बुधवार रात्रि में तेज तूफान आने से कई जगह लगे टेंट उड़ जाने से अफरा-तफरी मच गई, वहीं कई जगह बारातियों को अपनी गाड़ियां लेकर सड़क पर खड़ा रहना पड़ा।
घांघू. गांव में गुरुवार को दिन भर आसमान में धूल का गुब्बार छाया रहा। हालांकि गर्मी का प्रभाव कम रहा, लेकिन धूल उड़ने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। शाम को बारिश के साथ चने के आकार के ओले पड़े।
सुजानगढ़. गुरुवार सुबह तेज हवा चलने से आसमान में गर्द छा गई। धूल के कारण धूप का प्रभाव कम रहा। देर शाम को चली आंधी से अंधेरा सा छा गया। आंधी के बाद मामूली बूंदाबांदी शुरू हो गई।
सादुलपुर. कस्बे में गुरुवार शाम को लोगों को धूलभरी आंधी का सामना करना पड़ा। शाम को हुई मामूली बरसात के बाद गर्मी और आंधी से निजात मिल सकी। दोपहर बाद से शुरू हुआ आंधी का दौर शाम तक जारी रहा। शाम को करीब साढ़े पांच बजे मामूली बूंदाबांदी हुई।
गाजूवास में गिरे ओले
तारानगर. कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार शाम साढ़े चार बजे धूलभरी आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। आंधी के कारण दिन में अंधेरा सा छा गया। तहसील के गांव गाजूवास में मामूली बारिश के साथ कुछ देर तक ओले गिरे। धूलभरी आंधी से क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए।